बीमा कमीशन के खेल में 9.71 लाख की धोखाधड़ी
एक बीमा पॉलिसियों के कमीशन के लालच में वीएलई एजेंट अंकुर गुप्ता पर आरोप है कि उसने 18 जीवन बीमा पॉलिसियां करा कर 9.71 लाख रुपये का चूना लगाया। पॉलिसियों को रद करने के बाद कंपनी ने शिकायत की, जिससे पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की। जांच जारी है।

बीमा पॉलिसियों के कमीशन के लालच में कथित तौर पर कंपनी को 9.71 लाख रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। सीएससी गवर्नेंस सर्विस लिमिटेड से जुड़े वीएलई एजेंट और उसके साथियों पर 18 जीवन बीमा पॉलिसियां कराकर कमीशन हासिल करने और इसके बाद सभी पॉलिसियां रद कराने का आरोप है। कंपनी की शिकायत पर ब्रह्मपुरी निवासी एजेंट अंकुर गुप्ता और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार सीएससी गवर्नेंस सर्विस लिमिटेड के जिला प्रबंधक सनी तोमर के अनुसार, कंपनी ग्राम स्तरीय उद्यमियों (वीएलई) के माध्यम से बीमा संबंधी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराती है।
सत्यापन करने की जिम्मेदारी भी वीएलई की होती है। शिकायत के मुताबिक, 30 मई 2026 को वीएलई अंकुर गुप्ता पुत्र राजकुमार ने एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की 35.99 लाख रुपये की कुल 18 जीवन बीमा पॉलिसियां कराईं। इसके बाद उसे कंपनी से करीब 9.71 लाख रुपये कमीशन प्राप्त हुआ। पॉलिसीधारकों को पॉलिसियां उपलब्ध कराई जातीं, इससे पहले ही सभी 18 पॉलिसियां रद करा दी गईं। कंपनी की ओर से पॉलिसीधारकों को उनकी रकम वापस उनके खातों में ट्रांसफर की गई। कंपनी का आरोप है कि अंकुर ने कमीशन मिलने के बाद पॉलिसियों को रद करा दिया, जिससे कंपनी को 9.71 लाख का नुकसान हुआ। उधर, सीओ ब्रहमपुरी राम प्रकाश का कहना है कि पुलिस आरोपों की जांच के साथ पॉलिसियों, कमीशन भुगतान और संबंधित खातों का रिकॉर्ड खंगाल रही है।

