फर्जी दस्तावेजों से 8 लाख का लोन लेकर हड़पने की साजिश
कन्नौज में श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर ने 8 लाख रुपये के लोन की वसूली से बचने की साजिश का आरोप लगाया है। आरोप है कि ब्रजेश यादव और उसके परिवार ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति का रजिस्टर्ड दान विलेख दूसरे के नाम कर दिया। न्यायालय ने पुलिस को जांच के आदेश किए हैं।

कन्नौज। श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड की कन्नौज शाखा के ब्रांच मैनेजर ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनी से लिए गए 8 लाख रुपये के लोन की वसूली से बचने की साजिश का आरोप लगाते हुए न्यायालय में गुहार लगाई है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाखा प्रबंधक प्रियांशु तिवारी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि वर्ष 2024 में गुरसहायगंज क्षेत्र के ब्रजेश यादव ने अपनी पत्नी शिल्पी और पिता रामचंद्र यादव के साथ मिलकर कपड़े के व्यापार के लिए 8 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके लिए अपनी संपत्ति को बंधक रखा गया था।
आरोप है कि बाद में आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बंधक संपत्ति का रजिस्टर्ड दान विलेख दूसरे व्यक्ति के नाम करा दिया, ताकि फाइनेंस कंपनी लोन की वसूली न कर सके। शिकायत में हरिश्चंद्र, ब्रजेश कुमार समेत एक अज्ञात व्यक्ति को भी इस कथित साजिश में शामिल बताया गया है। ब्रांच मैनेजर का कहना है कि लोन लेते समय ब्रजेश यादव ने शपथ पत्र देकर दस्तावेजों की सत्यता की पुष्टि की थी। यदि दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं तो कंपनी की नीति के अनुसार धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा सकती हैl शाखा प्रबंधक ने मामले की शिकायत संबंधित कोतवाली में की बाबजूद इसके पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


