82 लाख के बोनस का झांसा देकर बुजुर्ग से 10 लाख ठगे
फोटो - एफडी तुड़वाई, जेवर गिरवी रखवाए, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर लखनऊ, संवाददाता।

मैक्स लाइफ कंपनी का कर्मचारी बनकर जालसाजों ने आर्मी सीएसडी कैंटीन से सेवानिवृत्त कर्मचारी को 82 लाख रुपये के बोनस का झांसा देकर 10 लाख रुपये ठग लिए। बेटे की सूझबूझ से छह लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, तेलीबाग के मोहारी बाग निवासी दुखीराम भारद्वाज को फोन कर खुद को मैक्स लाइफ का कर्मचारी बताया गया। जालसाज ने कहा कि वह कंपनी के पुराने ग्राहक हैं, इसलिए उन्हें विशेष बोनस ऑफर दिया जा रहा है। 10 लाख रुपये जमा करने पर अगले ही दिन 82 लाख रुपये खाते में आ जाएंगे। पुलिस ने बताया कि कॉल करने वालों ने 20 दिनों तक लगातार संपर्क बनाए रखा। भरोसे में आकर दुखीराम ने रकम जुटाने के लिए अपनी एफडी समय से पहले तुड़वाई, पत्नी के जेवर गिरवी रखे और दोस्तों से उधार लिया। इसके बाद जालसाजों के बताए सात-आठ अलग-अलग बैंक खातों में 9.99 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पुलिस का कहना है कि कई दिन बाद भी 82 लाख न मिलने और नंबर बंद होने पर ठगी का पता चला। शिकायत लेकर पीजीआई थाने पहुंचे दुखीराम भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि परिवार ने बड़ी मुश्किल से रकम जुटाई थी.
पुराने ग्राहक बताकर फंसाया
पुलिस के मुताबिक जालसाज ने खुद को मैक्स लाइफ का कर्मचारी बताकर पुराने ग्राहक होने का हवाला दिया। बोनस के नाम पर अगले दिन 82 लाख देने का वादा कर लगातार कॉल कर भरोसे में लिया।
बेटे की सतर्कता से छह लाख होल्ड
पुलिस ने बताया कि गुजरात में बैंक अधिकारी के पद पर तैनात बेटे राहुल को जानकारी मिलते ही उसने साइबर तंत्र से संपर्क किया। उसकी सक्रियता से करीब छह लाख रुपये होल्ड करा दिए गए। पीजीआई पुलिस बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
--------
आशियाना में 92 हजार की साइबर ठगी
लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र के औरंगाबाद जागीर में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के दो बैंक खातों से 92 हजार रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार आदर्श नगर (औरंगाबाद जागीर) निवासी बलवीर सिंह का एसबीआई और इंडियन बैंक में खाता है। पुलिस ने बताया कि 17 सितंबर की रात उनकी अनुमति के बिना एसबीआई खाते से कई बार में रकम ट्रांसफर की गई, फिर इंडियन बैंक खाते से भी रुपये निकाले गए। दोनों खातों से कुल 92,200 रुपये गायब हुए। शिकायत पर आशियाना पुलिस ने आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है.


