मासूम बच्ची की हत्या में शामिल दूसरा आरोपी अजय गिरफ्तार
गंजडुंडवारा के एक गांव में चार वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। पहले आरोपी कमलेश को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बच्ची की मौत चुनावी रंजिश के कारण हुई थी, और पुलिस अब डीएनए रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपहरण के बाद हुई चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। पुलिस के अनुसार अपहरण के बाद हुई चार वर्षीय बच्ची की हत्या में पुलिस की चार टीमें वांछित आरोपी अजय पुत्र राजपाल की तलाश कर रही थीं। पुलिस ने आरोपी अजय को मोहनपुर रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस इस बच्ची की हत्या कराने वाले मास्टरमांइड कमलेश को गत रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
आरोपी कमलेश ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि चार वर्षीय बच्ची की हत्या उसने चुनावी रंजिश के चलते कराई थी। पुलिस के अनुसार बच्ची के अपहरण का मामला परिजनों ने छह जून को अपहरण की धाराओं में दर्ज कराया था। पुलिस ने बताया कि नौ जून को बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस ने इस वारदात के खुलासे के लिए संदिग्ध लोगों का डीएनए टेस्ट भी कराया था। पुलिस को अब डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार है।


