घर से अगवाकर मासूम से दरिंदगी, दबोचा गया आरोपी
- रहीमाबाद में चार साल की बच्ची से दरिंदगी के आरोपी को जेल भेजा घर से अगवाकर मासूम से दरिंदगी, दबोचा गया आरोपी

रहीमाबाद के एक गांव में गुरुवार रात चार साल की मासूम छात्रा को घर से अगवाकर युवक ने उसके साथ दरिंदगी की। रात में परिजन पुलिस के साथ तलाशते हुए गांव से करीब डेढ़ किमी. दूर तालाब के पास पहुंचे तो आरोपी को बच्ची के साथ दबोच लिया। आक्रोशित ग्रामीणों, परिजनों ने आरोपी को पीटने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे बचाते हुए थाने भेजा। शुक्रवार सुबह एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन, एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचे। आरोपी पर पहले से माल, रहीमाबाद समेत अन्य छह मामले दर्ज हैं। पीड़िता के पिता का दो साल पहले निधन हो चुका है। मां के मुताबिक वह गुरुवार रात 10 बजे शौच के लिए गई थी। घर पर तीन बेटी, एक बेटा सो रहा था। जब वह लौटी तो देखा कि चार साल की छोटी बेटी घर पर नहीं है। आसपास तलाश करने के साथ यूपी 112 को सूचना दी। कुछ ही देर में रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक दल बल के साथ पहुंचे। ग्रामीणों के साथ बच्ची की तलाश शुरू हुई। कुछ देर में करीब डेढ़ किमी. दूर तालाब के पास आरोपी अमित उर्फ रजनीश उर्फ कृष्णा को मासूम से दरिंदगी करते हुए दबोच लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है। उस पर पहले से कई थानों में छेड़छाड़, पॉस्को समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। वह जेल भी जा चुका है。
कुछ देर तक बदहवास रही मासूम
पुलिस और ग्रामीणों ने आरोपी को दबोच कर मासूम को चंगुल से छुड़ा लिया। काफी देर तक डरी सहमी बदहवास मासूम किसी से कुछ नहीं बोली। मां ने गले से लगाया तो चीखकर रोने लगी। मासूम बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मां ने बताया कि आरोपी अमित ने गुरुवार को दिन में घर के बाहर कई बार चक्कर लगाए। वह मासूम बच्ची को उठाने के लिए ही आसपास मंडरा रहा था।


