महराजगंज के चार ताइक्वांडो खिलाड़ी ईस्ट जोन चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
महराजगंज के चार ताइक्वांडो खिलाड़ियों का चयन 17 से 21 अगस्त को बीपीएमजी पब्लिक स्कूल, भदोही में होने वाली सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इसमें विभिन्न आयु और भार वर्ग में खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। सफल खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी किया जाएगा।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जनपद के चार ताइक्वांडो खिलाड़ियों का चयन सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 21 अगस्त तक बीपीएमजी पब्लिक स्कूल, सुरियावां भदोही में किया जाएगा। इसमें महराजगंज के खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिभाग करेंगे।सेंट जोसेफ स्कूल निचलौल के उत्कर्ष सिंह अंडर-14 आयु वर्ग के ओवर 41 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग करेंगे। वहीं दिव्या पब्लिक स्कूल, आईटीएम कैंपस चेहरी के अंकित चौहान अंडर-14 के 35-38 किलोग्राम, उज्ज्वल विश्वकर्मा 38-41 किलोग्राम तथा प्रिंस वर्मा अंडर-17 के 55-59 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। जिला सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि ईस्ट जोन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किए जाएंगे।
खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता में कोच के रूप में प्रशिक्षक रियाज अली भी जाएंगे। खिलाड़ियों के चयन पर अध्यक्ष शरदेंदु कुमार पांडेय, प्रशिक्षक रिजवान अहमद फैजी, राहुल राय, उत्सव शर्मा, संजय सैनी, आकाश चौधरी, सौजन्य स्नेह प्रियदर्शी, फराज अहमद, रिद्धि चौहान और श्वेता प्रजापति ने शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।


