आरजी कर मामले में पूर्व विधायक निर्मल घोष गिरफ्तार
कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की महिला चिकित्सक के जल्द अंतिम संस्कार मामले में पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल घोष को गिरफ्तार किया गया। उन्हें ओडिशा से पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि घोष पर सबूत नष्ट करने, आपराधिक साजिश और किसी को मजबूर करने के आरोप लगे हैं।

कोलकाता, एजेंसी। आरजी कर मेडिकल कॉलेज की महिला चिकित्सक के जल्द अंतिम संस्कार के मामले में पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल घोष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उन्हें ओडिशा से पकड़ा है। आरोप है कि उन्होंने डॉक्टर के शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने में भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार, घोष पर सबूत नष्ट करने, आपराधिक साजिश और किसी व्यक्ति को उसकी इच्छा के खिलाफ काम करने के लिए मजबूर करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। यह कार्रवाई मृतका के पिता की नई शिकायत के बाद हुई। उन्होंने सोमवार को खड़दह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप है कि घोष समेत तीन लोगों ने उनकी बेटी के शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने के लिए दबाव बनाया था। शिकायत में घोष के अलावा तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पानीहाटी नगरपालिका अध्यक्ष सोमनाथ डे और परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी के नाम भी हैं।


