पूर्व सैनिक संघ के सदस्यों ने शहीद सैनिक के परिजनों से की मुलाकात
12 जुलाई को बिदुपुर थाना क्षेत्र में सैनिक जितेंद्र राय और उनके पिता की हत्या के बाद पूर्व सैनिक संघ के सैकड़ों सदस्य शोकाकुल परिवार से मिले। उन्होंने परिवार को सहयोग का भरोसा दिया और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की। पूर्व सैनिकों ने शहीद जितेंद्र राय को श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी को सांत्वना दी।

बीते 12 जुलाई को बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन पंचायत में सैनिक जितेंद्र राय एवं उनके पिता की गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के बाद रविवार को वैशाली जिला पूर्व सैनिक संघ के सैकड़ों सदस्य उनके पैतृक पर आवास पहुंचे।
पूर्व सैनिकों का समर्थन
पूर्व सैनिकों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा प्रशासन से मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। पूर्व सैनिक संघ के सदस्य सबसे पहले शहीद सैनिक जितेंद्र राय एवं उनके पिता के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शहीद सैनिक की पत्नी, परिजनों और अन्य स्वजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया।
सहयोग का आश्वासन
इस दौरान शहीद जितेंद्र राय की पत्नी को सांत्वना देते हुए कहा गया कि जितेंद्र राय को वापस नहीं लाया जा सकता,लेकिन पूरा पूर्व सैनिक परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है। किसी भी परिस्थिति में यदि परिवार को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो पूर्व सैनिक संघ हर संभव सहयोग करेगा। वैशाली जिला पूर्व सैनिक संघ के महासचिव सुमन सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिक संघ शुरू से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और आगे भी हर परिस्थिति में उनका सहयोग करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि अब तक कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार का हालचाल जानने नहीं पहुंचे,वहीं जिलाधिकारी को भी परिवार से मिलने का समय नहीं मिल सका। -अनिरुद्ध कुमार


