सरकारी कार्यालय व भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगा तो झारखंड में होगा उलगुलान: पूर्व सांसद
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने झारखंड के सरकारी कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को लेकर हेमंत सरकार की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर, निर्माण कार्य और भूमि संबंधी सेवाओं में रिश्वतखोरी से विकास प्रभावित हो रहा है। मेहता ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की, अन्यथा किसान और विस्थापित संगठनों के साथ राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।

हजारीबाग, हमारे प्रतिनिधि। अखिल भारतीय किसान सभा और झारखंड राज्य विस्थापित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष सह पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने राज्य के सरकारी कार्यालयों में बढ़ते भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के खिलाफ हेमंत सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी, तो झारखंड अलग आंदोलन की तर्ज पर एक व्यापक जन आंदोलन और बड़ा उलगुलान किया जाएगा।श्री मेहता ने पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता, आरसीडी, जिला परिषद और अंचल कार्यालयों समेत कई विभागों में खुलेआम कमीशनखोरी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया से लेकर कार्य आवंटन और एग्रीमेंट तक में कथित तौर पर मोटी रकम वसूली जा रही है, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर बुरा असर पड़ रहा है।
प्राक्कलित राशि से 30-40 प्रतिशत कम दर पर काम लेने और अतिरिक्त कमीशन के दबाव से निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताएं हो रही हैं।अंचल कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि ऑनलाइन लगान रसीद, जमीन के दस्तावेज दर्ज कराने और म्यूटेशन जैसे सामान्य कार्यों के लिए भी आम जनता को बिना पैसे दिए राहत नहीं मिलती। शिकायत करने पर अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई न होने की बात कहकर जनता को टरकाया जाता है।उन्होंने तत्कालीन रघुवर सरकार और वर्तमान हेमंत सरकार की तुलना करते हुए कहा कि आज अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं। पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और संबंधित विभागों के सचिवों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, सरकार को चेताया कि यदि समय रहते प्रशासनिक जवाबदेही तय नहीं की गई, तो किसान और विस्थापित संगठनों को साथ लेकर राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।

