दुबई में मृत लालचंद के परिजनों से मिले पूर्व विधायक
बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने दुबई में मृत प्रवासी श्रमिक लालचंद महतो के परिजनों से मुलाकात की। महतो रोजगार के लिए दुबई गए थे और वहां उनके निधन की पुष्टि हुई है। विधायक ने परिवार को सहायता देने का आश्वासन दिया और सरकार से विशेष सहायता की मांग की।

बगोदर। बगोदर प्रखंड के तिरला के दुबई में मृत प्रवासी श्रमिक लालचंद महतो के परिजनों से मिलने मंगलवार को बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह पहुंचे। उन्होंने पत्नी, बच्चों और वृद्ध मां से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। परिजनों ने पूर्व विधायक को बताया कि लालचंद महतो रोजगार के लिए दुबई गए थे। करीब तीन महीने पहले उनका काम छूट गया और वीजा की अवधि भी समाप्त हो गई। इसके बाद वे परेशान होकर भटक रहे थे। रहने-खाने का ठिकाना नहीं था। पूर्व विधायक ने कहा कि इस संबंध में सूचना करीब 10 दिन पहले मिली।
पिछले बुधवार को रांची स्थित प्रवासी सहायता केंद्र के प्रभारी से संपर्क कर मामले की सूचना दूतावास को मेल के जरिए दी गई थी। मीडिया और सोशल मीडिया पर खबर आने के बाद दुबई में कार्यरत बगोदर के अन्य प्रवासी श्रमिकों ने लालचंद की तलाश की। सीसीटीवी फुटेज में वे परेशान हाल भटकते दिखे। साथी मजदूरों की खोजबीन के बाद पता चला कि इसी हालत में उनकी मौत हो गई है। इसकी पुष्टि शवगृह के कर्मियों और स्थानीय पुलिस से बात कर की गई, लेकिन शव देखने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने बताया कि सहायता केंद्र ने सीसीटीवी फुटेज और फोटो दूतावास को भेज दिए हैं, लेकिन मंगलवार दोपहर तक दूतावास से शव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुष्टि के बाद ही परिजनों की लिखित सहमति लेकर शव लाने की प्रक्रिया शुरू होगी। पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि यह परिवार बेहद गरीब और असहाय है। घर में अब कोई कमानेवाला नहीं बचा है। पत्नी के अलावा दो नाबालिग बच्चे और वृद्ध मां हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य नियमों के तहत इस परिवार को सहायता मिलने में दिक्कत होगी। इसलिए सरकार विशेष रूप से इस पीड़ित परिवार को राहत दे। बच्चों के लिए जिला से बाल पेंशन दिलाई जाएगी और शव को जल्द से जल्द स्वदेश लाने में हर संभव मदद की जाएगी।


