सपा सुप्रीमो पर पूर्व विधायक ने किया पलटवार
डुमरियागंज के पूर्व विधायक ने सपा द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़े एआई-जनरेटेड वीडियो को लेकर नाराजगी जताई। विधायक ने इसे अखिलेश यादव की विकृत मानसिकता करार दिया, जिसमें योगी आदित्यनाथ को गलत तरीके से दर्शाया गया था। उन्होंने इस वीडियो को धार्मिक और सामाजिक मान्यताओं का अपमान बताया।

डुमरियागंज, हिन्दुस्तान संवाद। समाजवादी पार्टी के लखनऊ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित एक एआई-जनरेटेड वीडियो दिखाए जाने के मामले को लेकर डुमरियागंज के पूर्व विधायक ने नाराजगी जताई है। उन्होंने बुधवार को वीडियो जारी कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए इस कृत्य की निंदा की। पूर्व विधायक ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि एआई तकनीक के माध्यम से गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ को फिल्मी गाने के साथ सिगरेट और गांजा पीते हुए दिखाया गया। उन्होंने इसे अखिलेश यादव की विकृत मानसिकता बताते हुए कहा कि इस तरह की प्रस्तुति धार्मिक भावनाओं व सामाजिक मर्यादाओं का अपमान है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ गोरक्षपीठाधीश्वर और नाथ संप्रदाय के प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री पद पर कौन रहेगा और कौन नहीं, यह अलग विषय है लेकिन गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में उनकी धार्मिक एवं आध्यात्मिक भूमिका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो को लेकर वह और हिन्दू समाज आहत है।


