शादी का झांसा देकर यौन शोषण, पूर्व विधायक पर मुकदमा
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
हैदराबाद में, एक 22 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि बीआरएस के पूर्व विधायक रेगा कांथा राव ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। महिला ने कहा कि उनका संबंध 2022 में शुरू हुआ और राव ने उसकी निजी तस्वीरें लेकर उसे ब्लैकमेल किया। मामला दर्ज कर लिया गया है।

हैदराबाद, एजेंसी। शादी का झांसा देकर एक महिला से यौन शोषण के आरोप में बीआरएस के पूर्व विधायक रेगा कांथा राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 22 वर्षीय महिला ने 26 जुलाई को इस संबंध में शिकायत की थी। इसमें उसने बताया कि वह 2022 में राव से एक साक्षात्कार के सिलसिले में मिली थी, जब वह 18 साल की थी और मीडिया में काम कर रही थी। उसने आरोप लगाया कि राव ने उसे सोशल मीडिया चैनल बनाने के लिए बुलाया था, लेकिन शादी का वादा कर उसे यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद राव ने उसकी निजी तस्वीरें ले ली और जब उसने मिलने से इनकार किया तो उसे ब्लैकमेल किया गया।
महिला ने दावा किया कि दोनों के बीच शारीरिक संबंध 2025 तक चलते रहे और बाद में राव ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया।


