लड्डू बनाने की दो इकाइयों पर छापा, 20 किलो फफूंद लगे लड्डू नष्ट कराए
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिधूना में मोतीचूर लड्डू बनाने वाली दो इकाइयों पर छापा मारा। टीम ने नमूने लिए और फफूंद लगे 20 किलोग्राम लड्डुओं को नष्ट कराया। अभियान के तहत पांच नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग ने मिलावट की जानकारी देने की अपील की है।

खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिधूना में मोतीचूर के लड्डू बनाने वाली दो इकाइयों पर छापा मारा। दोनों स्थानों से बूंदी और मोतीचूर के लड्डू के चार नमूने लिए गए। एक इकाई में रखे 20 किलोग्राम फफूंद लगे मोतीचूर के लड्डुओं को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। इसके अलावा सलेमपुर से बिधूना आपूर्ति के लिए लाए जा रहे मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। अभियान में कुल पांच नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से मिलावट के संदेह में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने बिधूना के रामलीला मैदान स्थित मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाई पर छापा मारा। यहां रखी बूंदी और मोतीचूर के लड्डू के अलग-अलग नमूने लिए गए। इसके बाद टीम मोहल्ला किशोरगंज स्थित एक अन्य मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाई पर पहुंची। यहां से भी बूंदी और मोतीचूर के लड्डू का नमूना लिया गया। जांच के दौरान मौके पर करीब 20 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डुओं पर फफूंद लगी मिली। टीम ने इन्हें बिक्री के लिए अनुपयुक्त मानते हुए गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया। टीम ने चंद्रपुर तिराहे पर ठेलों पर खुले में बेची जा रही अधिक रंग वाली आलू फिंगर भी नष्ट कराई। विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों में रंग का प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। संबंधित खाद्य कारोबारी को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सलेमपुर से बिधूना में आपूर्ति के लिए लाए जा रहे मिश्रित दूध का भी नमूना लिया गया है। अभियान के दौरान एकत्र किए गए सभी पांच नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थों की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील की है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।


