मिठाई दुकानों से लिए लड्डू के नमूने लिए, नष्ट कराए खराब केले
स्वतंत्रता दिवस और त्योहारों को मद्देनजर रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैनी चौराहा और सिराथू में जांच अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नमूने लिए और कारोबारियों को चेतावनी दी। खराब खाद्य पदार्थों को नष्ट किया गया और अभियान जारी रखने का आश्वासन दिया गया।

स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों को देखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य-पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैनी चौराहा और सिराथू क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। अभियान जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन में चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गायत्री ने सैनी चौराहा स्थित साईं स्वीट्स से लड्डू का नमूना लिया। वहीं डॉ. भरत कुमार मिश्रा ने सत्यम स्वीट हाउस एंड चाय नाश्ता कॉर्नर से बेसन के लड्डू का नमूना लिया। महेश स्वीट हाउस का खाद्य पंजीकरण नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने कारोबारियों को प्रतिष्ठान पर सफाई रखने और शुद्धता व स्वच्छता के साथ खाद्य सामग्री तैयार करने तथा अखाद्य रंगों का प्रयोग नहीं करने की चेतावनी दी।
सैनी चौराहा स्थित फल की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान खराब और सड़े हुए केले मौके पर ही नष्ट कराए गए। अधिकारियों ने व्यापारियों को चेताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ या नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ भरत मिश्र ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।


