राशन घोटाले में नाम आते ही लंबी छुट्टी पर गए पूर्ति निरीक्षक

हिन्दुस्तान, बागपत
Follow us on Google News
share

खाद्यान्न की कालाबाजारी का मामला सामने आते ही पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार ने छुट्टी ली। अगस्त में पकड़े गए राशन के ट्रक के बाद जांच में मिलीभगत उजागर हुई। कोटेदारों ने बिना राशन रिसीविंग ना करने का ऐलान किया, जिससे पूरा मामला लखनऊ पहुंचा। प्रशासन ने जांच जारी रखी है, छुट्टी पर जाने से गुनाह नहीं धुलेंगे।

राशन घोटाले में नाम आते ही लंबी छुट्टी पर गए पूर्ति निरीक्षक

खाद्यान्न की कालाबाजारी का खेल जब बेनकाब होने लगा और जांच की आंच गर्दन तक पहुँचती दिखी, तो विभागीय साहिब ने खामोशी से पतली गली पकड़ ली। अगस्त माह में डोला गांव के पास पकड़े गए राशन से लदे ट्रक के बहुचर्चित घोटाले में नाम उछलते ही पूर्ति निरीक्षक रातों-रात लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। साहिब के अचानक इस तरह 'अदृश्य' हो जाने से जिला पूर्ति कार्यालय में सन्नाटा पसरा है, वहीं जनमानस में चर्चा है कि कार्रवाई के डर से पूर्ति निरीक्षक ने छुट्टी का 'सुरक्षा कवच' ओढ़ लिया है। दरअसल, पूर्ति निरीक्षक ने अगस्त माह में चावल से लदे ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। जांच हुई, तो प्रेषण अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक ओर ठेकेदार की मिलीभगत उजागर हुई थी। जांच में जो बात निकलकर सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। राशन की डिलीवरी बिना दिए ही कोटेदारों पर ई-पास मशीनों और व्हाट्सएप पर 'फर्जी रिसीविंग' ओके करने का ताबड़तोड़ दबाव बनाया जा रहा था। जब कोटेदारों ने साफ कह दिया कि "बिना राशन अंगूठा नहीं लगेगा" और कलेक्ट्रेट पहुंचकर हुंकार भर दी, तो राशन माफिया और महकमे का पूरा ताना-बाना बिखर गया। मामला लखनऊ तक जा पहुंचा, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने ठेकेदार को तो क्लीन चिट दे दी, लेकिन पूर्ति निरीक्षक ओर प्रेषण अधिकारी को दोषी ठहराते हुए कार्रवाई की संस्तुति रिपोर्ट शासन को भेज दी थी। जिसका पता चलते ही पूर्ति निरीक्षक लंबी छुट्टी पर चले गए।

व्हाट्सएप चैट और ई-पास मशीन बने सबसे बड़े सबूत

कोटेदारों द्वारा विभागीय उच्च अधिकारियों को सौंपे गए व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और ई-पास मशीन के डिजिटल लॉग इस पूरे फर्जीवाड़े के सबसे बड़े गवाह बनकर सामने आए हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों में साफ दिख रहा है कि राशन भौतिक रूप से पहुंचाए बिना ही ओके रिपोर्ट भेजने का दबाव कौन और किस स्तर से बना रहा था। इन पक्के सबूतों ने सीधे पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार को कटघरे में खड़ा कर दिया।

गाज गिरनी तय दिखी तो थमा दिया छुट्टी का पर्चा

जैसे ही जांच समिति ने फाइलें खंगालनी शुरू कीं और निलंबन की तलवार लटकती महसूस हुई, पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार ने आनन-फानन में लंबी छुट्टी की अर्जी थमाई और रफूचक्कर हो गए। सूत्र बताते हैं कि इस पूरे नेटवर्क में परिवहन ठेकेदार, बिचौलिये और विभागीय साहबान की तिकड़ी लंबे समय से वारे-न्यारे कर रही थी।

राशन माफिया और विभागीय तिकड़ी पर कसता शिकंजा

डोला कांड के बाद से ही जनपद के खाद्यान्न माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। जांच एजेंसियों की नजर अब सिर्फ पूर्ति निरीक्षक तक ही सीमित नहीं है, बल्कि गोदाम के ठेकेदारों और उस गिरोह पर भी है जो रात के अंधेरे में सरकारी राशन को प्राइवेट मिलों और दुकानों तक पहुंचाता था। माना जा रहा है कि पूर्ति निरीक्षक पर गाज गिरते ही कई बड़े नामों का खुलासा होना तय है।

छुट्टी पर जाने से नहीं धुलेगा गुनाह

पूर्ति निरीक्षक की इस 'चालाक चाल' पर प्रशासनिक अधिकारियों ने रुख और कड़ा कर लिया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि छुट्टी पर भाग जाने से कोई निर्दोष साबित नहीं हो जाता। जांच अंतिम दौर में है और जैसे ही रिपोर्ट की मुहर लगेगी, आरोपी पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार समेत पूरे सिंडिकेट पर कड़ी विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराकर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

सामान्य प्रश्न

✦खाद्यान्न घोटाले में मुख्य आरोपी कौन है?−
खाद्यान्न घोटाले में मुख्य आरोपी पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार हैं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराशन घोटाले में नाम आते ही लंबी छुट्टी पर गए पूर्ति निरीक्षक