उप सचिव ने उठाव और वितरण में देरी का कारण जाना
खाद्य उपभोक्ता मामले के उप सचिव रामकृष्ण कुमार ने जमशेदपुर का दौरा किया और एफसीआई के गोदामों की गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने वितरण में देरी के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया और विभिन्न राज्यों के सहायक गोदाम प्रबंधकों से मिलकर बेहतर वितरण शेड्यूल बनाने का निर्देश दिया।

खाद्य उपभोक्ता मामले के उप सचिव रामकृष्ण कुमार ने शुक्रवार को जमशेदपुर का दौरा किया। वे पहले भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के बर्मामाइंस गोदाम और रैक प्वाइंट गए और फिर जमशेदपुर प्रखंड गोदाम का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यह समझने का प्रयास किया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में अगस्त महीने में उठाव व वितरण में देर क्यों हुई। इस दौरे में उनके साथ विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी (एसओआर) राहुल जी आनंद जी भी थे। उन्होंने उन्हें एफसीआई में लोडिंग में होने वाली समस्याओं के बारे में बताया। बताया कि कभी-कभी एक साथ मालगाड़ी की चार-चार रैक लग जाती है। ऐसे में वहां से उठाव में समस्या आती है।
इससे देर होती है। वहां से उप सचिव एसओआर के साथ जमशेदपुर प्रखंड परिसर स्थित अत्याधुनिक गोदाम पहुंचे। वहां उन्होंने हर चीज का बारीकी से अध्ययन किया। इसके बाद वे एसओआर के कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों (एजीएम) और ट्रांसपोर्टर संग बैठक की। उन्होंने सभी एजीएम से कहा कि वे डीलरों को खाद्यान्न देने के लिए ऐसा शिड्यूल तैयार करें कि सभी को आसानी हो। बिना उचित कारण के देर से अनाज देने पर कार्रवाई होगी। ट्रांसपोर्टरों को भी निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से जीपीएस लगवाएं ताकि उसकी मॉनिटरिंग हो सके। बाद में उन्होंने प्रखंड परिसर में ही स्थित पुराने गोदाम का भी निरीक्षण किया।


