महानंदा, परमान और कनकई के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी
बायसी, एक संवाददाता। महानंदा, परमान और कनकई नदियों के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। बारिश के कारण कहीं जलस्तर में वृद्धि तो कहीं कमी दर्ज

बायसी, एक संवाददाता। महानंदा, परमान और कनकई नदियों के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। बारिश के कारण कहीं जलस्तर में वृद्धि तो कहीं कमी दर्ज की जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदियों के जलस्तर के साथ-साथ संभावित नदी कटाव वाले क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है। बायसी एसडीएम अभिषेक रंजन ने बताया कि बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव हो रहा है। प्रशासन की ओर से जलस्तर और नदी कटाव की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार जल संसाधन विभाग की ओर से नदी कटान निरोधक कार्य भी कराया जा रहा है।
महानंदा उप प्रमंडल पूर्णिया के केंद्रीय जल आयोग क्षेत्र के अधिकारी अभिषेक लकड़ा ने बताया कि महानंदा, परमान और कनकई नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि-कमी हो रही है। उन्होंने बताया कि किशनगंज जिले के तैयबपुर में महानंदा नदी का खतरे का निशान 66.000 मीटर है। सोमवार शाम पांच बजे यहां जलस्तर 63.950 मीटर दर्ज किया गया था जो 24 घंटे बाद मंगलवार को घटकर 63.770 मीटर पर पहुंच गया। यहां जलस्तर में हल्की कमी दर्ज की गई है। वहीं, पूर्णिया जिले के डेंगराहा घाट में महानंदा नदी का खतरे का निशान 35.650 मीटर है। सोमवार शाम पांच बजे जलस्तर 34.360 मीटर था, जो मंगलवार को बढ़कर 34.450 मीटर पहुंच गया। पश्चिम बंगाल के चरघरिया में कनकई नदी का खतरे का निशान 46.940 मीटर है। सोमवार को यहां जलस्तर 46.170 मीटर था। 24 घंटे में हल्की कमी के बाद मंगलवार को जलस्तर 45.680 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से नीचे है। इधर, अररिया जिले में परमान नदी का खतरे का निशान 47.000 मीटर है। सोमवार शाम जलस्तर 45.890 मीटर दर्ज किया गया था जो 24 घंटे में घटकर मंगलवार को 45.690 मीटर पर पहुंच गया। फिलहाल सभी स्थानों पर जलस्तर खतरे के निशान से नीचे बताया गया है।


