रिहाना के घर गोलीबारी मामले में महिला पर 14 आरोप तय
फ्लोरिडा की महिला इवाना लिसेट ऑर्टिज पर गायिका रिहाना और रैपर एएसएपी रॉकी के घर पर गोलीबारी करने के मामले में हत्या के प्रयास सहित 14 गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वो सुनवाई के दौरान जेल की पीली वर्दी में अदालत में उपस्थित हुई। अधिकारियों का आरोप है कि उसने राइफल से 20 गोलियां चलाईं।

फ्लोरिडा की एक महिला पर गायिका रिहाना और उनके साथी रैपर एएसएपी रॉकी के घर पर गोलीबारी मामले में हत्या के प्रयास समेत 14 गंभीर आपराधिक आरोप तय किए गए। लॉस एंजिलिस काउंटी के एक न्यायाधीश ने 36 वर्षीय इवाना लिसेट ऑर्टिज के खिलाफ आरोपपत्र को सार्वजनिक किया। ऑरलैंडो निवासी ऑर्टिज सुनवाई के दौरान जेल की पीली वर्दी में अदालत में पेश हुई। उसने केवल अपने वकील से बात की और वकील ने उसकी ओर से सभी आरोपों में खुद को निर्दोष बताया।ग्रैंड ज्यूरी ने 18 जून को आरोप तय किए थे, लेकिन उसकी मानसिक क्षमता पर अदालत के फैसले तक उन्हें तीन महीने तक गोपनीय रखा गया।
आठ मार्च को हुई गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ था। अधिकारियों का आरोप है कि ऑर्टिज टेस्ला कार चलाकर बेवर्ली हिल्स इलाके में स्थित रिहाना और रैपर रॉकी के परिसर के गेट तक पहुंची और कार की खिड़की से एआर-15 शैली की राइफल निकालकर कम से कम 20 गोलियां चलाई थी।

