दियारा इलाके के 78 स्कूल फिलहाल नहीं खुलेंगे
पटना जिले के दियारा स्थित 78 विद्यालय बाढ़ के कारण बंद हो गए हैं। डीईओ योगेश कुमार ने बताया कि इन विद्यालयों की पढ़ाई कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्र में अथमलगोला, बख्तियारपुर, दानापुर, और मनेर जैसे प्रखंड शामिल हैं। जैसे ही जलस्तर सामान्य होगा, स्कूल फिर से खोले जाएंगे।

पटना जिले के दियारा स्थित 78 विद्यालय जो बाढ़ के कारण बंद कर दिए गए हैं, वहां फिलहाल पढ़ाई नहीं होगी। डीईओ योगेश कुमार ने इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किया है। माना जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों के स्कूल कुछ दिनों बाद ही खुलेंगे। आदेश के अनुसार, बंद किए गए विद्यालयों की सूची में अथमलगोला, बख्तियारपुर, दानापुर, बाढ़, फतुहा, मनेर, मोकामा और पटना सदर प्रखंड के विद्यालय शामिल हैं। इन प्रखंडों के दियारा क्षेत्रों में पड़ने वाली पंचायतों में रामनगर दियारा, चिरैया रूपस, हरदासपुर दियारा, काला दियारा, रूपस महाजी, अकिलपुर, गंगहारा, हेतनपुर, माधोपुर, कालिमचक, मानस, पानापुर, पतलापुर हवासपुर और नकटा दियारा के स्कूल शामिल हैं।
संबंधित बीईओ को निर्देश दिया गया है कि गंगा का जलस्तर सामान्य होने की स्थिति में वे संबंधित बीडीओ से समन्वय स्थापित कर बंद विद्यालयों को खुलवाना सुनिश्चित करेंगे। इनमें से कई विद्यालयों को पास के विद्यालयों से टैग कर संचालित किया जा रहा है। जो विद्यालय टैग कर संचालित किए जा रहे हैं वहां अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं ली जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित वैसे विद्यालय जो किसी विद्यालय के साथ टैग नहीं किए गए हैं, वहां अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं बाद में ली जाएंगी। डीईओ ने बीईओ से वैसे विद्यालयों की सूची भी मांगी है।डीईओ ने कहा है कि यदि किसी अन्य प्रखंड का विद्यालय बाढ़ से प्रभावित होता है, तो संबंधित बीईओ उस विद्यालय को तत्काल बंद कर शिक्षकों को अन्य विद्यालयों में समायोजित करेंगे और इसकी सूचना अधोहस्ताक्षरी कार्यालयको देंगे। बंद विद्यालयों के शिक्षकों को उनकी आवश्यकता वाले अन्य विद्यालयों में समायोजित करने का निर्देश दिया गया है।


