कहलगांव में बाढ़ की स्थिति भयावह, बुद्धूचक थाना परिसर भी जलमग्न
कहलगांव में गंगा के जलस्तर में कमी आने के बावजूद बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कोसी नदी के दबाव से नये क्षेत्रों में जलभराव हो गया है जैसे बुद्धूचक और बरोहिया। कई रास्ते और गांव जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय पंचायत सदस्यों ने स्थिति की गंभीरता बताई है।

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। गंगा के जलस्तर में धीमी गति से कमी के बावजूद कहलगांव में बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है। कोसी नदी के दबाव के कारण बटेश्वर स्थान के नीचे गंगा का पानी तेजी से नहीं घट रहा है। इसके चलते बुद्धूचक, बरोहिया, किसनदासपुर और भोरंग सहित नए इलाकों में बाढ़ का पानी फैल रहा है। गुरुवार रात बुद्धूचक, गोघट्टा और कचहरिया गांव भी जलमग्न हो गए। शिवनारायणपुर-बरोहिया पथ, भवानीपुर पथ और गोघट्टा-बुद्धूचक पथ समेत कई सड़कों पर पानी भर गया है। बुद्धुचक थाना परिसर भी जलमग्न हो गया। भोरंग, किसनदासपुर रेलवे लाइन, भोला टोला तथा बरोहिया-दयालपुर-एकडरा पथ पर भी आवागमन प्रभावित है।
गोघट्टा के पूर्व पंचायत समिति सदस्य दयानंद झा ने बताया कि रातोंरात पूरा पंचायत जलमग्न हो गया। वहीं, बीरबन्ना पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल और पंचायत समिति सदस्य गंगाधर मंडल ने बताया कि नंदगोला स्कूल की सामुदायिक रसोई में एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण अधपका भोजन परोसा गया।


