पूर्णिया: कारी कोसी में उफान से घर-आंगन तक पहुंचा बाढ़ का पानी
रूपौली में कारी कोसी नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिसके कारण कई पंचायतों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। डोभा मिलिक, लक्ष्मीपुर छर्रापट्टी और गोरियर पट्टी जैसे नए क्षेत्रों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे लोगों के जनजीवन पर असर पड़ा है और आवागमन प्रभावित हुआ है।

रूपौली, एक संवाददाता। कारी कोसी नदी का रुख आक्रामक होते जा रहा है। कोयली सिमरा पूरब और पश्चिम, भौवा परवल, विजय लालगंज, विजय मोहनपुर, कांप पंचायतों के बाढ़ से प्रभावित होने के बाद अब डोभा मिलिक, लक्ष्मीपुर छर्रापट्टी,गोरियर पट्टी श्रीमाता आदि पंचायतों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से प्रखंड क्षेत्र के इन पंचायतों के निचले इलाके में बाढ़ का पानी प्रवेश करने लगा है। लोगों का कहना है कि कुरसेला के समीप गंगा और कोसी में उफान के चलते कारी कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही है।
इसलिए रूपौली प्रखंड क्षेत्र के कई पंचायतों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है। कारी कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर से कई पंचायतों के निचले इलाके में जलभराव होने लगा है। प्रभावित होने वाले नए पंचायतों में डोभा मिलिक, लक्ष्मीपुर छर्रापट्टी,गोरियर पट्टी श्रीमाता आदि पंचायत शामिल है। विजय कारी कोसी नदी के जलस्तर में बीते दिनों से हो रही वृद्धि से प्रखंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित पंचायतों में लोगों की स्थिति दयनीय होने लगी है। प्रभावित जगहों पर लोगों के बीच अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया है। लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त होने के साथ ही उनकी मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। वहीं कई जगहों पर सड़क पर पानी चढ़ जाने से आवागमन भी प्रभावित होने लगा है। कारी कोसी नदी के समीप बसा डोभा मिलिक पंचायत का फुलकिया टोला जहां बाढ़ का पानी आंगन में प्रवेश कर गया है। गांव में लोगों के बीच अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न होने लगा है। गांव स्थित सड़क पर एक जगह पानी के चढ़ जाने से आवागमन प्रभावित होने लगा हैं।


