जलस्तर में वृद्धि से गंगा में उफान, निचले इलाकों में फैलने लगा बाढ़ का पानी

हिन्दुस्तान, मुंगेर
Follow us on Google News
share

मुंगेर जिले के निचले इलाकों में गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ का पानी फैलने लगा है। ग्रामीणों को आवागमन, पशुओं के चारे और दैनिक जरूरतों को लेकर चिंता है। चंडीका स्थान में भी जल नहीं पहुंचेने से श्रद्धालुओं को समस्या हो रही है। प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

जलस्तर में वृद्धि से गंगा में उफान, निचले इलाकों में फैलने लगा बाढ़ का पानी

मुंगेर , निज प्रतिनिधि। गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के बाद अब मुंगेर जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। सदर प्रखंड के कई निचले इलाकों के साथ-साथ बरियारपुर, धरहरा और जमालपुर के तटवर्ती क्षेत्रों में भी गंगा का पानी प्रवेश कर गया है। पानी के फैलाव से इन इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ पशुओं के चारे और दैनिक जरूरतों को लेकर भी चिंता सताने लगी है। शनिवार शाम तक मुंगेर में गंगा का जलस्तर 38.35 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 39.33 मीटर से महज 98 सेंटीमीटर नीचे है। सुबह छह बजे जलस्तर 38.23 मीटर था। इस तरह आठ घंटे में 12 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नदी के बढ़ते जलस्तर से तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

चंडिका स्थान परिसर में घुसा गंगा का पानी:

मुंगेर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ चंडिका स्थान में भी गंगा का पानी शुक्रवार की रात प्रवेश कर गया है। शनिवार को पानी में और वृद्धि हुई है। मंदिर परिसर में पानी पहुंचने से पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों पर पानी जमा होने से श्रद्धालु मंदिर के सामने चबुतरे पर पूजा कर रहे हैं।

तटवर्ती गांवों में बढ़ी चिंता:

गंगा के किनारे बसे सदर प्रखंड के कई गांवों में पानी फैलने लगा है। खेतों और निचले हिस्सों में पानी पहुंचने से खरीफ फसलों पर भी खतरा मंडराने लगा है। बरियारपुर और जमालपुर के तटवर्ती क्षेत्रों में भी ग्रामीण जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं। धरहरा के गंगा किनारे के इलाकों में भी पानी के बढ़ते फैलाव से लोगों में चिंता देखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

आवागमन और पशुचारे की समस्या बढ़ी:

निचले इलाकों में पानी फैलने के साथ ही ग्रामीणों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित होने लगी हैं। कई जगह रास्तों पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। पशुपालकों के सामने हरे चारे की व्यवस्था की चुनौती भी बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंगा के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो और इलाकों में पानी प्रवेश कर सकता है।

प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई:

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में प्रशासनिक स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर और पानी के फैलाव पर नजर रखी जा रही है। संभावित स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावित क्षेत्रों में नाव, राहत सामग्री और पशुचारे की व्यवस्था की जाए, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।

आठ घंटे में 12 सेंटीमीटर बढ़ा पानी:

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह छह बजे गंगा 38.23 मीटर पर बह रही थी। सुबह 10 बजे जलस्तर बढ़कर 38.27 मीटर और दोपहर दो बजे 38.35 मीटर हो गया। नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार भी गंगा का रुख बढ़ने वाला है।

बरियारपुर और कल्याणपुर में चेतावनी स्तर पार:

बरियारपुर में शनिवार दोपहर गंगा का जलस्तर 37.12 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 36.64 मीटर है। इसी तरह कल्याणपुर में जलस्तर 36.87 मीटर पहुंच गया है, जबकि चेतावनी स्तर 36.16 मीटर है। दोनों जगह गंगा चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है। लगातार बढ़ते पानी से तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है।

--------------------------

फोटो असरगंज 2- असरगंज के चौरगांव एवं ढोलपहाड़ी चौर बहियार में गंगा का पानी में डूबा धान की फसल

चौरगांव एवं ढोल पहाड़ी की खेतों में प्रवेश किया पानी, फसल प्रभावित

असरगंज, निज संवाददाता। असरगंज प्रखंड क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। चौरगांव, अमैया एवं ढोलपहाड़ी गांव के चौर-बहियार में तेजी से गंगा का पानी फैल रहा है। पानी अब गांवों के समीप पहुंचने लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

लगातार पानी फैलने से खेतों में रोपी गई धान की फसल डूबने लगी है। फसल के लंबे समय तक पानी में डूबे रहने की आशंका से किसान परेशान हैं। किसान मनोज मंडल, राजीव मंडल, अशोक मंडल, रघुवीर सिंह एवं रंजीत कुमार यादव ने बताया कि पिछले वर्ष भी लंबे समय तक खेतों में पानी जमा रहने से धान की फसल बर्बाद हो गई थी। इस बार भी गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से किसानों को फसल नुकसान की चिंता सता रही है। गांवों के ग्रामीणों में भी भय एवं दहशत का माहौल है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर असरगंज सीओ उमेश शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

--------------------

फोटो बरियारपुर 1- एकाशी गांव के करीब पहुंचा गंगा का पानी

एकाशी गांव के समीप पहुंचा गंगा का पानी

बरियारपुर, निज संवाददाता। बरियारपुर प्रखंड में गंगा का पानी तेजी से फैलने लगा है। उभ्भीनदी के किनारे रहने वाले दर्जनों गांवों एवं एकाशी गांव के समीप गंगा का पानी पहुंच गया है। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से काला टोला आदि गांव भी चारों तरफ से पानी से घिर गया है। अब प्रखंड के लोगों को बाढ़ आने की आशंका होने लगी है । इधर गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से बरियारपुर प्रखंड के कई पंचायतों के निचले हिस्से में गंगा का पानी फैल गया है। प्रखंड के नीरपुर , बहादुरपुर, पडिया, करहरिया, बंगाली टोला, आदि बहियार में गंगा का पानी फैलने से किसान परेशान हैं। कल्याणपुर बहियार पूरी तरह जलमग्न हो गया है। प्रखंड के एकाशी टोला, कल्याणटोला, काला टोला , कल्याणटोला मुसहरी, आदि गांव के समीप भी गंगा का पानी पहुंच गया है। बरेलबासा मौजा में भी गंगा का पानी घुस गया है।

---------------------

फोटो हेमजापुर 1- शिवकुंड मध्य विद्यालय के पीछे पहुंचा गंगा का पानी

बढ़ते जलस्तर से गंगा तटवर्ती इलाकों में बढ़ी चिंता, किसान और मछुआरे परेशान

हेमजापुर,संवाद सूत्र। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर ने धरहरा प्रखंड क्षेत्र की उत्तरी तीन पंचायतों हेमजापुर, बाहाचौकी एवं शिवकुंड के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। तीनों पंचायतें गंगा तटवर्ती और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में ग्रामीणों को बाढ़ का खतरा सताने लगता है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही खेतों में पानी प्रवेश करने और निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका बढ़ गई है।

बाहाचौकी निवासी मयूर कुमार ने बताया कि जलस्तर बढ़ने पर सबसे अधिक परेशानी किसानों को होती है। खेतों में पानी भर जाने से फसल प्रभावित होती है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं हेमजापुर निवासी पूर्व जिला परिषद सदस्य अरविंद मुन्ना ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के मछुआरे भी काफी प्रभावित होते हैं। बाढ़ के दौरान मछली पकड़ने का काम प्रभावित होने से कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी के साथ भोजन की समस्या उत्पन्न हो जाती है। शिवकुंड निवासी शिवदानी राय ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में बालू से भरे बोरे बिछाए गए हैं। इसके बावजूद गंगा के उफान को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। सीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि, प्रशासन की ओर से बाढ़ से निपटने की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यदि गंगा का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा और स्थिति गंभीर हुई तो प्रभावित लोगों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।

अधिक जानकरी के लिए सामान्य प्रश्न

✦गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण किन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी फैल रहा है?−
गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण मुंगेर जिले के निचले इलाकों जैसे सदर प्रखंड, बरियारपुर, धरहरा और जमालपुर में बाढ़ का पानी फैल रहा है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजलस्तर में वृद्धि से गंगा में उफान, निचले इलाकों में फैलने लगा बाढ़ का पानी