ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशबिहार और असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मरने वालों की संख्या 209 हुई

बिहार और असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मरने वालों की संख्या 209 हुई

बिहार और असम में बाढ़ की वजह से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़ कर 209 हो गई। दोनों प्रदेशों में बाढ़ के कारण 1.06 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। बिहार में, बाढ़ से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। इसकी...

बिहार और असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, मरने वालों की संख्या 209 हुई
एजेंसी,पटना गुवाहाटीMon, 29 Jul 2019 05:56 AM
ऐप पर पढ़ें

बिहार और असम में बाढ़ की वजह से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़ कर 209 हो गई। दोनों प्रदेशों में बाढ़ के कारण 1.06 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। बिहार में, बाढ़ से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। इसकी वजह से 85 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। हालांकि, लगातार दूसरे दिन मृतकों की संख्या 127 बनी रही।

राज्य के सबसे बुरी तरह से प्रभावित जिलों में दरभंगा शामिल है, जहां अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इस महीने के शुरू में नेपाल के तराई क्षेत्र में मूसलाधार बारिश की वजह से बिहार में बाढ़ आई है। दरभंगा जिले में हायाघाट के पास एक रेलवे पुल के नीचे जल स्तर बढ़ कर खतरे के निशान के ऊपर चला गया। इसके बाद पूर्वी मध्य रेलवे को दरभंगा-समस्तीपुर खंड पर ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा।

वहीं असम में, बारपेटा जिले में एक और व्यक्ति की मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़ कर 82 हो गई है। असम के 56 राजस्व क्षेत्रों के 1,716 गांवों के 21.68 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में ब्रह्मपुत्र सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

बिहार : बाढ़ से रेल यातायात प्रभावित, दरभंगा-समस्तीपुर खंड पर ट्रेने थमीं

वहीं दूसरी ओर उत्तर बिहार में बाढ़ के खतरे के कारण पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत 10 ट्रेनें रद्द रहीं। इसके अलावा लंबी दूरी की कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। रेल प्रशासन और रेलवे अभियंता पानी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहे हैं। अगर जलस्तर में कमी नहीं आई तो ये ट्रेनें कुछ दिन और रद्द रहेंगी।

ईसीआर के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर हायाघाट एवं थलवारा स्टेशन के बीच रेल पुल संख्या 16 के निकट बाढ़ का पानी खतरे के निशान को पार कर गया है। सुरक्षित रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से यहां से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है।

इसके अलावा कुछ ट्रेनों का परिचालन परिवर्तित मार्ग से किया जा रहा है तथा कुछ ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट की गई हैं। सीपीआरओ ने किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए रेल यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की जानकारी हासिल कर लेने की अपील की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें