गंगा चेतावनी बिंदु पार कर गांवों की ओर बढ़ रहा पानी
गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से पीडीडीयू नगर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बुधवार सुबह गंगा का जलस्तर 70.32 मीटर तक पहुंच गया, जो चेतावनी बिंदु से छह सेमी ऊपर है। पानी गांवों की ओर बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है और उनकी फसलों को भी खतरा है।

पीडीडीयू नगर, हिटी। गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। बुधवार की सुबह दस बजे तक गंगा का जलस्तर 70.32 मीटर दर्ज किया गया, जो जिले के निर्धारित चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर से छह सेमी ऊपर पहुंच गया है। इससे जहां गंगा का पानी अब खतरे के निशान 71.26 मीटर की ओर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं तटवर्ती इलाके के सिवान में तेजी से पानी फैलने लगा है। मंगलवार की शाम को गंगा में बढ़ाव स्थिर होने के बाद रात से फिर बढ़ने लगा। बुधवार की सुबह से दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पानी फिर बढ़ने लगा है।
बढ़ते पानी के कारण अब इसका रुख गांवों की ओर हो गया है। चहनियां और धानापुर क्षेत्र के कई गांवों में के सिवान में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बाढ़ का पानी गांवों के आसपास पहुंचने से पशुओं के चारे पर भी संकट खड़ा हो गया है। धानापुर के बुद्धपुर गांव में पशुओं का चारा और अरहर, बाजरे की फसल पानी में डूब गई है। ग्रामीणों को पशुओं के लिए चारा जुटाने में परेशानी हो रही है। खेतों और निचले इलाकों में भी पानी तेजी से फैल रहा है। गंगा के जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


