जिले के 06 प्रखंडों के, 32 पंचायत एवं 87 गांव की 2,98,800 आबादी बाढ़ से प्रभावित
वैशाली जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार चल रहे हैं। 32 पंचायतें एवं 87 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जिसमें 2,98,800 आबादी शामिल है। 242 नावों के माध्यम से राहत सामग्री पहुँचाई जा रही है। 44,765 पॉलिथीन शीट्स, 18,680 ड्राई राशन पैकेट और 1,380 फूड पैकेट वितरित किए गए हैं।

वैशाली जिले में गंगा एवं गंडक नदी के जलस्तर को देखते हुए जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
राहत एवं बचाव कार्य
जिला पदाधिकारी के स्तर से स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को क्षेत्र में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में जिले के 06 प्रखंड-राघोपुर, हाजीपुर, महनार, देसरी, सहदेई बुजुर्ग एवं बिदुपुर, कुल 32 पंचायतें एवं 87 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त 02 नगर परिषदों के 14 वार्ड भी प्रभावित हैं। जिले में अब तक कुल 2,98,800 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है।
राहत सामग्री का वितरण
बाढ़ प्रभावित लोगों के सुरक्षित आवागमन एवं राहत सामग्री पहुंचाने के लिए जिले में कुल 242 नावों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें 01 मोटर बोट, 07 सरकारी नाव एवं 234 निजी नाव शामिल हैं। आवश्यकता के अनुसार नावों की संख्या बढ़ाई जा रही है तथा उनके परिचालन की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य भी निरंतर जारी है। अब तक 44,765 पॉलिथीन शीट्स, 18,680 ड्राई राशन पैकेट एवं 1,380 फूड पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकता के अनुसार अन्य आवश्यक राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाएँ
बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में 26 सामुदायिक रसोई संचालित हैं, जहां प्रभावित लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार सामुदायिक रसोई की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 23 स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में निःशुल्क जांच एवं उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। आज संचालित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 2,591 लोगों का उपचार किया गया। -अमिताभ सिंह


