पूर्णिया के 23865 बाढ़ पीड़ितों के खाते में भेजे गए 16 करोड़ 70 लाख 55 हजार
-रुपौली प्रखंड के 11 पंचायतों में बाढ़ आई थी, अब पानी घट गया है पूर्णिया, वरीय संवाददाता। बाढ़ के जख्म पर मदद की मरहम का काम शुरू हो गया है। पूर्णिया

पूर्णिया, वरीय संवाददाता। बाढ़ के जख्म पर मदद की मरहम का काम शुरू हो गया है। पूर्णिया के रूपौली अंचल के 11 पंचायतों में बाढ़ प्रभावित लोगों को आर्थिक मदद दी गयी है। पूर्णिया के 23865 बाढ़ पीड़ितों के खाते में भी 16 करोड़ 70 लाख 55 हजार रुपए भेजा गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा मंगलवार को डीबीटी के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों के खाते में सात-सात हजार रुपए भेजा गया है। पूर्णिया समाहरणालय स्थित एनआईसी में मुख्यमंत्री द्वारा बाढ़ पीड़ितों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही राशि का सीधा प्रसारण किया गया। मौके पर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार, अपर समाहर्ता आपदा सुजय सिंह, सहायक आपदा प्रबंधन प्रणव कुमार मौजूद थे।
मौके पर मीडिया प्रतिनिधियों से रुबरु होते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि रुपौली प्रखंड के 11 पंचायतों में बाढ़ आई थी। इन बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा राहत पैकेट का वितरण किया गया था। बाढ़ एवं जलजमाव से प्रभावित परिवारों के लिए सात जगहों पर सामुदायिक किचन का संचालन किया गया था। इसके अलावा प्रभावित पशुपालकों के बीच 280 क्विंटल पशु चारा भी बांटा गया। अब पानी घट गया है। लोगों के घरों की अब साफ- सफाई और सड़कों को मोटरेबल बनाना प्राथमिकता है। प्रभावित दो सड़कों का मरम्मत भी कर दिया गया है। मेडिकल टीम लगातार काम कर रही है। जल्द ही साफ सफाई और बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए सड़कों का मरम्मत का काम किया जाएगा ।

