लखीसराय: बाढ़ प्रभावित पिपरिया का प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण
लखीसराय से मनीष की रिपोर्ट सोमवार को प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने जिले के

लखीसराय से मनीष की रिपोर्ट सोमवार को प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने जिले के बाढ़ प्रभावित पिपरिया प्रखंड का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुमन चौक क्षेत्र का निरीक्षण किया और बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने सुमन चौक के समीप उस क्षेत्र को देखा, जहां गंगा, हरूहर और किऊल नदियां आकर मिलती हैं। तीनों नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण पिपरिया प्रखंड के प्रभावित होने की स्थिति और स्थानीय स्तर पर बाढ़ से बचाव के उपायों की जानकारी ली गई। उन्होंने क्षेत्र में बने छोटे बांध का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकता के अनुसार जल्द से जल्द सामुदायिक केंद्र संचालित कर बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ-साथ पशुओं के उपचार और जरूरत पड़ने पर उनके लिए भी एंबुलेंस की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा सकने वाली अधिकतम सुविधाएं और सहायता समय पर मुहैया कराई जाए। राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


