राहत कैंप दो किमी दूर, दो सौ से अधिक ग्रामीणों ने ली बंधे पर शरण
कुशीनगर में बाढ़ के बाद प्रशासन ने राहत शिविरों की व्यवस्था की है, लेकिन ग्रामीण दूरी के कारण वहां नहीं जा रहे हैं। कई ग्रामीण बंधे पर शरण लिए हुए हैं और पानी से घिरे अपने घरों की चिंता कर रहे हैं। बाढ़ ने उनके घर, फसल और पशुओं को बर्बाद कर दिया है, और भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। जवही दयाल और आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी भरने के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों के लिए बाढ़ राहत शिविर की व्यवस्था की है, लेकिन कई ग्रामीण वहां नहीं गए हैं। उनका तर्क है कि राहत शिविर करीब दो किमी दूर बना है। ऐसे दो सौ से अधिक ग्रामीणों ने बंधे पर शरण ली है। प्रशासन ऐसे लोगों को खोज कर उनके लिए राहत बंधे पर ही पहुंचा रहा है।
ग्रामीणों की चिंता
जवही दयाल का ततवा टोला, चैनपट्टी, खलवा टोला और घघवा जगदीश के नौका टोला के बंधे पर शरण लिए ग्रामीणों ने बताया कि उनका घर बंधे के किनारे है। वहां से कैंप दो किमी दूर है। उन्हें घरा की चिंता है, इसलिए दूर नहीं गए। बंधे पर रहकर ही पानी से घिरे घरों को देख रहे हैं। इनका परिवार व पशु बंधे पर हैं। खेत में खड़ी फसल और पशुओं का चारा बर्बाद हो चुका है। तटबंध और ऊंचे स्थानों पर शरण लिए परिवारों की आंखों में अब राहत से ज्यादा भविष्य की चिंता दिखाई दे रही है।
बाढ़ से आने वाली समस्याएँ
ग्रामीणों के मुताबिक नेपाल की ओर से आई बाढ़ के पानी के साथ शव और मवेशियों के बहकर आने की बातें भी सामने आई हैं। दूषित पानी के बीच संक्रमण और बीमारी का खतरा बढ़ गया है। सबसे ज्यादा चिंता छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को लेकर है। पानी के बीच शौचालय, पीने के पानी और साफ-सफाई की समस्या ने मुश्किल और बढ़ा दी है।
आर्थिक नुकसान
बंधे पर शरण लिए जवही दयाल के ततवा टोला निवासी धनई दास, दशरथ दास, केशव दास और किशोर दास ने बताया कि उन्होंने कुछ पैसा समूह से लिया और मजदूरी से जोड़ कर रखे पैसे से घर बनाया। अब सब पानी में बर्बाद हो गया। जवही और आसपास के प्रभावित गांवों में उजड़े आशियाने सबसे बड़ा दर्द बन गए हैं। कई परिवारों का कहना है कि स्वयं सहायता समूह से पैसा लेकर, मजदूरी कर और वर्षों की बचत जोड़कर उन्होंने घर खड़ा किया था। किसी ने एक-एक सामान धीरे-धीरे खरीदा तो किसी ने बेटियों की शादी के लिए बचाकर रखा पैसा घर बनाने में लगा दिया। अब पानी के सामने वर्षों की मेहनत बेबस नजर आ रही है। जवही दयाल चैनपट्टी के बीर यादव, सुनील यादव तथा मौसम यादव ने कि जब जिंदगी पटरी पर आने लगती है, नदी फिर तबाही का रास्ता खोल देती है। घर गया तो सिर्फ दीवार नहीं गई, हमारी वर्षों की मेहनत चली गई। अब फिर से जिंदगी शुरू करनी होगी।
पशुओं की स्थिति
पशुओं के लिए चारा तक नहीं बचा। बाढ़ का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है। घरों से निकाले गए पशुओं को सुरक्षित रखने और उनके चारे का संकट गहराता जा रहा है। खेतों की घास, भूसा और अन्य चारा पानी में डूब गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी लंबे समय तक रहा तो पशुओं को बचाना भी बड़ी चुनौती होगी। फिलहाल ग्रामीणों ने मवेशियों को बंधे पर रखा है। आस पास खेत भी डूब गए हैं। पशुओं को खिलाने में काफी परेशानी हो रही है। भूसा व चारा आदि से डूब गए हैं।
महत्वपूर्ण चिंताएँ
आज राहत, कल घर और रोजी-रोटी की चिंता। ग्रामीणों की चिंता यह भी है कि राहत का तत्काल दौर खत्म होने के बाद क्या होगा। प्लास्टिक, चिउड़ा, आलू-प्याज और राशन कुछ दिनों का सहारा दे सकते हैं, लेकिन टूटे घर, बर्बाद खेत और खत्म हुई रोजी-रोटी को दोबारा खड़ा करने में महीनों लगेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांवों में पहुंचते हैं, राहत सामग्री मिलती है और बचाव कार्य चलता है। लेकिन पानी उतरने के बाद असली संघर्ष शुरू होता है। घर की मरम्मत, फसल का नुकसान, पशुओं का चारा, बच्चों की पढ़ाई और रोजी रोटी इन सवालों के साथ परिवारों को महीनों जूझना पड़ता है।
भविष्य की चिंता
बाढ़ पीड़ितों को भविष्य की चिंता। ग्रामीणों की बड़ी चिंता यह है कि पानी उतरने के बाद उनकी जिंदगी को पटरी पर लाने में मदद की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। क्या टूटे घरों का सर्वे होगा, क्या वास्तविक नुकसान के आधार पर मदद मिलेगी, क्या बर्बाद फसल और पशुधन का आकलन होगा और सबसे बड़ा सवाल, क्या एपी तटबंध को फिर उसी तरह छोड़ दिया जाएगा या इसकी सुरक्षा का स्थायी इंतजाम होगा।


