मोहाना नदी में बढ़ा पानी, जनकपुर गांव के घरों में पहुंचा
तिकुनियां के जनकपुर गांव में मोहाना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ आई है। पानी घरों में भर गया है, जिससे ग्रामीण अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन ने लेखपाल और कानूनगो को हालात पर नज़र रखने के लिए तैनात किया है।

तिकुनियां। मोहाना नदी का जलस्तर बढ़ने से कौड़ियाला घाट गुरुद्वारे के पीछे बसे जनकपुर गांव में पानी भर गया है। घरों के भीतर तक पानी पहुंच जाने से लोग अपना सामान बटोरकर दूसरी जगह जाने की तैयारी में हैं। आलम यह है कि गांव के रास्तों तक पर लोग नाव से निकल रहे हैं। तहसील प्रशासन ने मौके पर लेखपाल व कानूनगो को हालात पर निगाह रखने के लिए तैनात किया है। मोहाना नदी एक बार फिर जोर से उफना गई है। इससे कौड़ियाला घाट गुरुद्वारे के पीछे बसे जनकपुर गांव के भीतर बाढ़ का पानी दाखिल हो गया है। इस गांव में करीब सवा सौ घर हैं।
गांव के देवीदयाल, संतराम और गुड्डू ने बताया कि मोहाना का पानी गांव में भर रहा है। सभी वहां से बाहर महफूज जगह पर जाने के लिए सामान पैक कर रहे हैं। गयाप्रसाद और राकेश कुमार ने बताया कि गांव के लोग अभी पास के कौड़ियाला घाट गुरुद्वारे में पनाह लेंगे। जानवरों को सड़क के किनारे ऊंची जगह पर बांधा जाएगा। प्रधान प्रतिनिधि मो. मियां की सूचना पर पहुंचे लेखपाल फूलचंद और राजस्व निरीक्षक देवीचरन त्रिवेदी ने बताया कि जनकपुर गांव के सभी लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी गई है।


