पानी जमा होने से धान की फसल को हो सकती है क्षति
नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों से निकलने वाली मरहा-हरदी नदी के जलस्तर में गिरावट के बाद, बाढ़ का पानी अधिकांश इलाकों से हट गया। इसके चलते किसानों की धान की फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्हें आर्थिक चिंता है और प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं क्योंकि नुकसान की भरपाई में देरी से आगामी फसल पर भी असर पड़ेगा।

परिहार। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों से निकलकर प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली मरहा-हरदी नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट के बाद बाढ़ का पानी अधिकांश इलाकों से निकल गया है। हालांकि पानी उतरने के साथ ही अब बाढ़ से हुए नुकसान की तस्वीर सामने आने लगी है। लंबे समय तक जलजमाव रहने से कई गांवों के खेतों में लगी धान की फसल प्रभावित हुई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। परवाहा-लालबंदी मुख्य पथ पर लहुरिया मदरसा के समीप सड़क पर चढ़ा पानी समाप्त होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया है। सड़क से पानी हटने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
लेकिन खेतों में जमा पानी और अत्यधिक नमी किसानों के लिए नई परेशानी बन गई है। क्षेत्र के मझौरा, भिसबा, लहुरिया, बारा, खुरसाहा, जगदर, महुआवा और फुलहट्टा समेत कई गांवों के सरेह में लंबे समय तक पानी जमा रहने से धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में अब भी जलजमाव और नमी बनी हुई है, जिससे पौधों के सड़ने और उत्पादन घटने की आशंका बढ़ गई है।किसानों का कहना है कि खेती की लागत पहले से ही बढ़ी हुई है। ऐसे में बाढ़ और जलजमाव ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसल को हुए नुकसान से किसानों की आर्थिक चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही नुकसान का आकलन कर राहत नहीं दी गई, तो आगामी सीजन की खेती भी प्रभावित हो सकती है। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि धान की फसल खराब होने से इस बार उत्पादन में कमी आने की संभावना है, जिसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ेगा।

