आपदा विभाग की सूची से बाढ़ प्रभावित जिलों में मुजफ्फरपुर गायब
मुजफ्फरपुर में बाढ़ से लोग परेशान हैं। साहेबगंज, पारू, गायघाट, कटरा, औराई और बंदरा में हालात चिंताजनक हैं। हालाँकि, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट में मुजफ्फरपुर शामिल नहीं है। नेपाल और सीमावर्ती क्षेत्रों में बारिश से जलस्तर बढ़ा है, लेकिन सरकार ने प्रभावित जिलों की संख्या कम बताई है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले के साहेबगंज, पारू, गायघाट, कटरा, औराई और बंदरा में बाढ़ से लोग परेशान हैं, कई इलाकों में हालात चिंताजनक हैं। इसके बावजूद बिहार राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की बुधवार को जारी बाढ़ रिपोर्ट में मुजफ्फरपुर प्रभावित जिलों की सूची में नहीं है।विभाग ने नेपाल और सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी बारिश से गंडक, बूढ़ी गंडक और बागमती के जलस्तर में वृद्धि का जिक्र किया है, लेकिन सितंबर के अंतिम सप्ताह के लिए सिर्फ सुपौल, पश्चिमी चंपारण, सहरसा, दरभंगा, गोपालगंज और पूर्वी चंपारण को प्रभावित बताया है। इन छह जिलों के 27 प्रखंडों की 96 पंचायतों में 2.03 लाख आबादी प्रभावित बताई गई है।
वहां 393 नावें चलाने, 103 सामुदायिक रसोई में 2.92 लाख थाली भोजन और पांच राहत शिविरों में 3500 लोगों के ठहरने की व्यवस्था का दावा है। इससे पहले सितंबर के पहले-दूसरे सप्ताह में 15 जिलों की 50.49 लाख आबादी प्रभावित बताई गई थी। विभाग के इस रवैये से प्रभावित इलाकों के जनमानस में सरकारी राहत एवं मुआवजे को लेकर असमंजस की स्थिति है।

