कटिहार: डीएम ने नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
अमदाबाद में गंगा और महानंदा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण कई पंचायतें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। जिला पदाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों की समस्याएँ सुनी। 22 सामुदायिक किचन शुरू किए गए हैं और बोट एंबुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

अमदाबाद शशि रमण की रिपोर्ट गंगा एवं महानंदा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से अमदाबाद अंचल की कई पंचायतें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। सोमवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अधिकारियों के साथ प्रखंड के पार दियारा ग्राम पंचायत का नाव से दौरा कर बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जाना। प्रखंड कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बाढ़ से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 22 सामुदायिक किचन शुरू किए गए हैं। जरूरत के अनुसार इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी। सामुदायिक किचन के पास पशु चिकित्सा सेवा, पशु चारा और स्वास्थ्य टीम की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जो परिवार अपना घर छोड़कर ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं, उन्हें चिह्नित कर पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराई जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में नावों का परिचालन किया जा रहा है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त नाव चलाने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बोट एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध है। इसमें क्लीनिक की व्यवस्था की गई है। बोट एंबुलेंस विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर क्लिनिक लगाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करेगी और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराएगी। जीआर राशि के संबंध में डीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। जो परिवार तीन दिनों से अधिक समय से बाढ़ से प्रभावित हैं, उन्हें नियमानुसार जीआर राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और जिन लोगों को जिस प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं।


