गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, कर्मनाशा भी उफान पर
गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, कर्मनाशा भी उफान पर में बाढ़ का संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है। गंगा का जलस्तर शनिवार शाम पांच बजे 63.540 मीटर दर्

गाजीपुर, संवाददाता। जिले में बाढ़ का संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है। गंगा का जलस्तर शनिवार शाम पांच बजे 63.540 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार घटाव का क्रम जारी है और करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से पानी कम हो रहा है। इसके बावजूद गंगा अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गंगा का खतरा बिंदु 63.105 मीटर निर्धारित है, जबकि उच्च बाढ़ स्तर 65.220 मीटर है। वर्ष 2025 में गंगा का उच्चतम जलस्तर 64.690 मीटर दर्ज किया गया था। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित गांवों का जायजा ले रहे हैं। नदियों के किनारे बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए अनाउंसमेंट कराया जा रहा है।
356 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट
सदर तहसील के दीनापुर बाढ़ शरणालय में शनिवार को राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी सदर विनोद जोशी के अनुसार महबलपुर और मकसूदनपुर के बाढ़ प्रभावित परिवारों को कुल 356 राहत किट वितरित की गईं। भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने प्रभावित परिवारों को राहत किट प्रदान की। इस दौरान तहसीलदार सदर राजीव यादव सहित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शरणालय में पहुंचकर प्रभावित लोगों की स्थिति और उपलब्ध राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता लगातार पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जमानियां तहसील के तियरी गांव में राहत सामग्री वितरित की गई। कालनपुर सहित अन्य स्थानों पर नाविकों को लंच पैकेट दिए गए। चक खान मुहम्मद में भी प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, राहत सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
देवल विद्युत उपकेंद्र में घुसा बाढ़ का पानी, एक दर्जन गांवों में बिजली गुल
सेवराई। गंगा के बाद अब कर्मनाशा नदी भी उफान पर है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नदी का पानी खेतों और निचले इलाकों में फैलने से ग्रामीणों में दहशत है। धान के साथ लतरा, बैंगन, मिर्च, लौकी और नेनुआ सहित विभिन्न सब्जियों की फसलें पानी में डूब गई हैं। किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। देवल स्थित विद्युत उपकेंद्र में बाढ़ का पानी प्रवेश करने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे देवल, अमौरा, सुरहा सहित करीब एक दर्जन गांवों में अंधेरा छा गया है। लगातार बारिश और बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बाढ़ के पानी से खेतों में खड़ी फसलों के साथ पशुओं के चारे पर भी संकट खड़ा हो गया है। हरा चारा पानी में डूबने से पशुपालकों को चारे की व्यवस्था करने में कठिनाई हो रही है। सुरहा, अमौरा, कैथी, देवल, लहना, बरेजी, सायर, राजमलबाध, पकवालिया, धनाढ़ी और खजूरी समेत कई गांवों पर खतरा मंडरा रहा है। देवल पावर उपकेंद्र, अंत्येष्टि स्थल, बाबा कीनाराम घाट और घटवारी माई मंदिर भी पानी की चपेट में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलस्तर की निगरानी बढ़ाने और आवश्यक राहत व्यवस्था करने की मांग की है।
मुहम्मदाबाद में पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था
बाढ़ प्रभावित पशुओं को लेकर भी प्रशासन सक्रिय है। मुहम्मदाबाद तहसील के फिरोजपुर और धरमपुरा में पशुओं के लिए भूसा वितरित किया गया। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से कर्मनाशा और गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी करने, प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था मजबूत करने तथा देवल समेत प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बाढ़ की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों या कंट्रोल रूम को सूचना दें।

