नेपाल में बारिश से नदियों का बढ़ा जलस्तर, निचले इलाके जलमग्न
आदापुर में बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रसाद नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं। बेलहिया गांव और आसपास के इलाकों में पानी फैल गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और आपात स्थिति के लिए तैयार है।

आदापुर। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और आदापुर प्रखंड क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है।
नदियों का जलस्तर
क्षेत्र से होकर गुजरने वाली प्रसाद नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है। जलस्तर में वृद्धि के कारण बंगरी नदी तटबंध पर कटाव का खतरा बढ़ गया है। वहीं पासाह नदी का पानी आसपास के इलाकों में फैलने लगा है। अत्यधिक बारिश के कारण बेलहिया गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है, जबकि बगही, बख्तौरा, लोहिया सहित कई गांवों के निचले क्षेत्रों में भी जलजमाव की स्थिति बनने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदियों के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले समय में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। खेतों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है।
प्रशासनिक स्थिति
इस संबंध में बीडीओ रणधीर कुमार ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति नहीं है। नदियों के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।


