गांवों में घुसा शारदा का पानी, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
पीलीभीत में बैराज से लगभग दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी। पानी के अचानक भरने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई और कई घरों में पानी घुस गया। लगातार बारिश ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है।
पीलीभीत। बैराज से मंगलवार को अलग-अलग चरणों में करीब दो लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने शारदा नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी थी। देर रात नदी का पानी तेजी से बढ़ा और शास्त्रीनगर व हजारा के आबादी क्षेत्र में देखते ही देखते पानी घुस गया। कई ग्रामीणों के घरों में भी शारदा का पानी प्रवेश कर गया। अचानक पानी भरने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोग रातभर जागकर अपने परिवार और सामान की सुरक्षा में जुटे रहे। गांव के कई हिस्सों में काफी देर तक पानी भरा रहा।
ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर और बढ़ा तो परेशानी और बढ़ सकती है। प्रशासन की ओर से नदी किनारे बसे गांवों में निगरानी और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को रात से लगातार बारिश हो रही है। इससे दिनचर्या प्रभावित है। स्कूलों को भी बुधवार को बंद कर दिया गया है।


