नेपाल में फिर से बाढ़ का खतरा, अलर्ट जारी
नेपाल में बाढ़ का खतरा फिर से बढ़ गया है। अधिकारियों ने कई जिलों में नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण मंगलवार को नया अलर्ट जारी किया। नुवाकोट, रसुवा, ताप्लेजुंग, संखुवासभा और अन्य जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा है। एनडीआरआरएमए ने जलधाराओं के बढ़ने को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

नेपाल में फिर से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। अधिकारियों ने इसका कारण नदियों का जलस्तर बढ़ना बताया है। अधिकारियों ने मंगलवार को देश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में बाढ़ के खतरे को लेकर नया अलर्ट जारी किया। इसका कारण नदियों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा एहतियाती कदम उठाने का अनुरोध किया। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) की ओर से जारी एक सूचना के अनुसार, नुवाकोट और रसुवा जिलों में अचानक बाढ़ आने की काफी अधिक आशंका है। इन इलाकों में छोटी नदियों और जलधाराओं का जलप्रवाह बढ़ने का अनुमान है।इसके
अलावा ताप्लेजुंग, संखुवासभा, सोलुखुम्बु, खोटांग, ओखलढुंगा, रामेछाप, दोलखा, सिंधुपालचोक, काभ्रेपलांचोक, ललितपुर, भक्तपुर, काठमांडू और धादिंग समेत पूर्वी और मध्य नेपाल के कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है। इन इलाकों में अचानक बाढ़ आने का मध्यम स्तर का जोखिम भी जताया गया। पश्चिमी नेपाल में गोरखा, लमजुंग, डोल्पा, रुकुम पूर्व, रुकुम पश्चिम, जाजरकोट, दार्चुला, बैतड़ी, डडेलधुरा, डोटी, कैलाली और कंचनपुर जिले के लिए भी अलर्ट जारी किया गया।


