बाढ़ पैकेज सरयू फिर खतरे के निशान के ऊपर, राप्ती और रोहिन का भी जलस्तर बढ़ा
नेपाल में जल प्रलय के बाद गोरखपुर-बस्ती मंडल की नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। तुर्तीपार में सरयू नदी खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जबकि राप्ती और रोहिन नदी में भी जलस्तर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। प्रशासन सतर्क है, लेकिन फिलहाल कोई खतरा नहीं है।

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता नेपाल में जल प्रलय के बाद गोरखपुर-बस्ती मंडल की नदियों का जलस्तर ऊपर-नीचे हो रहा है। बुधवार को तुर्तीपार में सरयू का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया। वहीं, राप्ती और रोहिन नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दिख रही है।तुर्तीपार में बुधवार को सरयू नदी खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। सिर्फ 16 घंटे में सरयू 130 सेंटीमीटर बढ़ी है। वहीं बर्डघाट में राप्ती नदी के जलस्तर में तेज बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार और बुधवार के बीच जलस्तर में 230 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी देखी गई। इसी तरह त्रिमुहानी में रोहिन नदी का जलस्तर 100 सेंटीमीटर बढ़ गया है।सरयू
नदी से प्रभावित ज्ञानकोल, जैतपुर, गोनघट, कोटिया निरंजन, कोलखास गांव में पानी खास नहीं बढ़ा है। लेकिन तुर्तीपार में बढ़ोतरी से ग्रामीणों की सांस अटकी हुई है। नायब तहसीलदार जयप्रकाश ने बताया कि प्रशासन नदियों के जलस्तर को लेकर अलर्ट है। फिलहाल कोई खतरा नहीं है। वहीं कैम्पियरगंज क्षेत्र में बहबोलिया गांव के पास रिगौली-बेलसर बंधे पर नदी का दबाव बढ़ने से तटवर्ती ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।


