मालदा से जमालपुर तक डीआरएम ने लिया जायजा
बाढ़ को लेकर रेल प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड पर भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। गंगा

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रेल पुलों के निचले गर्डर तक पानी पहुंच गया है। भागलपुर और जमालपुर के बीच रेल मार्ग बंद करने की नौबत आ गई है। अगर ऐसा हुआ तो ट्रेनों को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया जा सकता है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेल प्रशासन रेल पुलों पर नजरे बनाए हुए है। पिछले वर्ष भी कई जगहों पर रेल पटरी के समीप गंगा का पानी मंडराने लगा था। रेलवे की टीम 24 घंटे पटरी के आसपास निगरानी कर रही है। किसी भी तरह की सूचना तुरंत देने का आदेश जारी किया गया है।
मंगलवार को मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने मालदा से जमालपुर तक रेल पुलों का निरीक्षण किया। विंडो ट्रेलिंग से हुए निरीक्षण में डीआरएम ने कहलगांव से बरियारपुर तक रेल पुलों पर विशेष नजर रखी। डीआरएम ने कौआ नाला ब्रिज, गेरुआ पुल, लाहरी पुल, सदोनिया पुल, चंपानाला पुल, महानय पुल, पनलोहापुर पुल, अखिरी व फल्गु नदी पुल का जायजा लिया। हालांकि केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार शाम से जलस्तर में कमी आने की संभावना जताई गयी है। हालात को देखते हुए सीनियर डीईएन (सी), सीनियर डीईई (टीआरडी), सीनियर डीएसओ, सीनियर डीईएन-2 व 3, डीओएम व डीएससी को अलर्ट पर रखा गया है।


