गंगा में उफान : वैशाली के कई गांव बाढ़ से घिरे, 05 स्कूल बंद
गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर पिछले चार दिनों से बढ़ रहा है। गंगा खतरे के लाल निशान से एक मीटर ऊपर बह रही है। वैशाली जिले के कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। राघोपुर की तीन पंचायतें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं और स्थानीय स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

गंगा और गंडक नदियों के जलस्तर में उफान पिछले चार दिनों से जारी है। गंगा जहां खतरे के लाल निशान से करीब एक मीटर ऊपर बह रही हैं। वहीं गंडक नदी का भी जलस्तर भी 14 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। गंगा का जलस्तर जहां 10.83 एमएम प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा वहीं गंडक में 5.0 एमएम प्रतिघंटा की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है। वैशाली जिले के राघोपुर, सहदेई, देसरी व महनार इलाके बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं। राघोपुर के तीन पंचायतों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। यहां के बिंदा मार्केट भी बाढ़ से घिर चुका है।
जुड़ावनपुर थाने के गेट तक बाढ़ का रविवार को पहुंच चुका था। यहां चार स्कूलों को बंद कर दिया गया है। अन्य पंचायतों से भी रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं सहदेई और देसरी के पांच गांवों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। यहां के दो स्कूलों को बंद कर दूसरे स्कूल से टैग कर दिया गया है। महनार के बहलोलपुर दियारे में भी लोगों के घरों में पानी घुसने लगा है। -अमिताभ सिंह


