गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में बढ़ी चिंता, अधिकारी पहुंचे
फतेहपुर, संवाददाता। मलवां विकासखंड के गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने
फतेहपुर, संवाददाता। मलवां विकासखंड के गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने की सूचना पर देर रात प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में एसडीएम बिंदकी निशांत तिवारी और बीडीओ मलवां कमलेश बहादुर सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से हालात की जानकारी ली और जलस्तर बढ़ने से उत्पन्न परिस्थितियों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व निरीक्षक और ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और ग्रामीणों को समय-समय पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाए।
एसडीएम ने कहा कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में ग्रामीण बाढ़ प्रभावित अथवा जलभराव वाले रास्तों से आवागमन न करें। किसी भी तरह की लापरवाही जान जोखिम में डाल सकती है। उन्होंने राजस्व कर्मियों और ग्राम प्रधान को ग्रामीणों के संपर्क में रहने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए एसडीएम ने स्थानीय थाना प्रभारी को भी तत्काल निर्देश जारी किए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा, ताकि किसी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


