दियारा के अधिकांश टोलों में अभी भी जमा है बाढ़ का पानी, बीमारियों का भय
निचलौल ब्लॉक के सोहगीबरवा समेत अन्य गांवों में बाढ़ का पानी जमा है। ग्रामीण संक्रामक बीमारियों के डर में हैं और करीब 500 परिवार अभी वापस नहीं आ पाए हैं। राहत सामग्री का वितरण हो रहा है, लेकिन कीचड़ के चलते आने-जाने में परेशानी हो रही है। प्रशासन बाढ़ पीड़ितों की सहायता कर रहा है।

निचलौल/ सोहगीबरवा, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल ब्लॉक के सुदूरवर्ती और दियारा के सोहगीबरवा समेत अन्य गांवों में अभी भी बाढ़ का पानी जमा हुआ है। कुछ जगहों पर पानी कम हुआ है तो वहां कीचड़ के चलते आने जाने के परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों के सामने संक्रामक बीमारियों का भय बना हुआ है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मुआवजा
एसडीएम और तहसीलदार ने बुधवार को नाव से बिहार के नौरंगिया से रोहुआ नाला पार कर इन गांवों का जायजा लिया। इस दिन बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए नौरंगिया में राहत सामग्री अनलोड की गई है। अभी भी इन गांवों के तकरीबन पांच सौ परिवारों के लोग बिहार, खड्डा या अन्य रिश्तेदारों के घर से वापस नहीं आ पाए हैं। ये लोग अभी बाढ़ को लेकर डरे हुए हैं।
नीपाल से बारिश का प्रभाव
नेपाल के पहाड़ों पर हुए बारिश के कारण बीते शनिवार, रविवार और सोमवार को नारायणी नदी का जल स्तर बढ़ता रहा। इसके चलते सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोतहा गांवों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया। इससे ग्रामीणों को प्रशासन और एसडीआरएफ टीम के सहयोग से ऊंचे स्थान पर शरण लेना पड़ा। इस दौरान तमाम परिवारों के लोगों ने अपने सगे संबंधियों के घर जैसे कुशीनगर के खड्डा, बिहार के नौरंगिया और अन्य स्थानों पर चले गए। इधर सोमवार से पानी कम होना शुरू हुआ। मंगलवार को भी इन गांवों में घरों में पानी भरा रहा। बुधवार को भी सोहगीबरवा छोड़कर अन्य गांवों में पानी काफी हद तक पानी कम हुआ है, लेकिन इन गांवों में घरों और रास्तों में कीचड़ सना हुआ है। इससे आने जाने में ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है।
प्रशासन की राहत कार्य योजनाएँ
एसडीएम और तहसीलदार ने नाव से रोहुआ पारकर गांवों का हाल जाना
बिहार के नौरंगिया से रोहुआ नाला तक पानी भरा हुआ है। इसके चलते बुधवार को एसडीएम अवनीश त्रिपाठी और तहसीलदार अमित सिंह ने नाव से रोहुआ नाला पार किया और ट्रैक्टर से इन गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्या देखी।
बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत किट गोदाम में स्टोर कराया
सोहगीबरवा समेत दियारा के बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए बुधवार को राहत सामग्री का पैकेट नौरंगिया में अनलोड कराया गया। उसे ग्राम सचिव आशुतोष द्विवेदी की देखरेख में स्टोर कराया गया। एक दो दिन में ही इसका वितरण किया जाना है। इन गांवों के मवेशियों के लिए इस दिन भी भूसा का वितरण प्रशासन द्वारा कराया गया, लेकिन भूसा को गांव तक ले जाने में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्वच्छता कार्यों का आयोजन
पांच दर्जन सफाई कर्मियों की लगाई गई ड्यूटी
निचलौल ब्लॉक में तैनात ग्रामीण सफाई कर्मियों की ड्यूटी इन गांवों में लगाई गई है। नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल ने बताया कि तीनों ग्राम पंचायतों में कुल 56 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके द्वारा बाढ़ प्रभावित गांव में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और सफाई कार्य किया जाएगा। इनकी मॉनिटरिंग के लिए ग्राम सचिवों को जिम्मेदारी दी गई है।
बिजली की कमी की समस्या
सैकड़ों घरों में मोमबत्ती के भरोसे मिल रही रोशनी
बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्रामीणों ने रोशनी के लिए सौर ऊर्जा का संयंत्र लगाया था। इधर बाढ़ आने से सोलर सिस्टम खराब हो गया है। इससे गांवों में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। इसके विकल्प के रूप में ग्रामीण मोमबत्ती जलाकर अपने घरों में प्रकाश के लिए मोमबत्ती जलाकर काम चला रहे हैं।
संबंधित समस्याएँ
जैसे-जैसे घट रहा पानी वैसे सामने आ रही समस्या
सोहगीबरवा समेत दियारा के गांवों में जैसे जैसे बाढ़ का पानी कम हो रहा है, वैसे वैसे ग्रामीणों के सामने समस्या आ रही है। बाढ़ का पानी आने पर इन गांवों के लोगों के मवेशियों के गायब होने की बात सामने आ रही है। इस बीच बुधवार को शिकारपुर गांव के पास झाड़ियों में एक बकरा का शव ग्रामीणों ने देखा है। इससे ग्रामीणों का अनुमान है कि जिनके भी मवेशी गायब हैं वे कहीं न कहीं पानी में डूबकर या बहकर चले गए हैं।
सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोतहा में बाढ़ का पानी काफी हद तक कम हो गया है। ग्रामीणों के लिए बाढ़ राहत सामग्री का किट आ गया है। जल्दस ही इसे वितरित किया जाएगा। कम्युनिटी किचन से ग्रामीणों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन बाढ़ पीड़ितों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
अवनीश त्रिपाठी, एसडीएम निचलौल

