कागजों में सिमटा निगम का वृहद अभियान, बाढ़ प्रभावित वार्डों में बढ़ी महामारी की आशंका
दावों के विपरीत रविवार को जमीन पर दिखा आंशिक असर ब्लीचिंग छिड़काव के बावजूद कचरा

भागलपुर, वरीय संवाददाता। बाढ़ का पानी प्रभावित इलाकों से निकलना शुरू हो गया है। वहीं इसको लेकर जनजीवन सामान्य होने के बजाय महामारी के मुहाने पर खड़ा हो गया है। नगर निगम प्रशासन ने रविवार से बाढ़ प्रभावित वार्डों और राहत शिविरों में वृहद सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया था, लेकिन धरातल पर इसका केवल आंशिक दृश्य ही देखने को मिला। लोक स्वच्छता पदाधिकारी और स्वास्थ्य शाखा प्रभारी के तमाम दिशा-निर्देशों के बावजूद निगम के दावों की पोल खुल गई है।
प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति
वर्तमान में बैंक कॉलोनी, सखीचंद घाट और शंकर टॉकीज घाट इलाके में स्थिति बेहद नारकीय बनी हुई है। बैंक कॉलोनी के कुछ हिस्सों में रस्म अदायगी के लिए चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तो किया गया, पर जमा कचरा नहीं उठाया गया। स्थानीय मितेश झा और अरुण कुमार ने आक्रोश जताते हुए बताया कि निगम के सफाईकर्मी केवल वहीं तक आते हैं जहां पानी नहीं है, बाकी इलाके को अपने हाल पर छोड़ दिया गया है। सखीचंद घाट इलाके की हालत भी अलग नहीं है। स्थानीय निवासी सनातन कुमार और अमृतांशु के अनुसार, दो दिन पहले महज एक बार फॉगिंग कराई गई थी, जिसके बाद से निगम की कोई टीम इलाके में झांकने तक नहीं आई। वहीं शंकर टॉकीज घाट क्षेत्र में फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव तो हुआ, लेकिन साफ-सफाई के लिए कोई दल नहीं पहुंचा।
सफाई व्यवस्था की कमी
बाढ़ के पानी के साथ आई गाद और कचरा जगह-जगह सड़ रहा है, जिससे तीखी सड़ांध फैल रही है। नियममुताबिक प्रभावित वार्डों में रोज फॉगिंग, एंटी लार्वा स्प्रे, ब्लीचिंग का छिड़काव और कचरा उठाव होना अनिवार्य है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बाढ़ के समय सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संक्रामक बीमारियां तेजी से पांव पसार सकती हैं।
नगर निगम का बयान
रविवार की वजह से सफाईकर्मियों की संख्या काफी कम थी, पर प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई से लेकर चूना-ब्लीचिंग छिड़काव और फॉगिंग आदि की व्यवस्था करने का हर संभव प्रयास किया गया है। शाम के वक्त अधिकांश इलाकों में फॉगिंग कराई गई है। सोमवार से सारी व्यवस्थाएं सुदृढ़ हो जाएंगी।
- आदित्य जायसवाल, स्वास्थ्य शाखा प्रभारी, भागलपुर नगर निगम।

