पूर्णिया के रूपौली में बाढ़ से 20 हजार से अधिक परिवार प्रभावित
पूर्णिया के रूपौली में गंगा के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ आई है, जिससे 30 गांवों के 20 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत कार्यों की तैयारी की है। पीड़ितों को आज से सूखा राशन किट और मुआवजा वितरण शुरू होगा।

पूर्णिया के रूपौली में बाढ़ से 20 हजार से अधिक परिवार प्रभावित -सर्वे के बाद पीड़ित परिवारों को मुआवजा -आज से सूखा राशन किट होगा वितरित -- पूर्णिया। गंगा के जलस्तर में वृद्धि से बैक वॉटर के कारण कारी कोशी नदी में जलस्तर वृद्धि की वजह से रुपौली प्रखंड में आयी बाढ़ अब विकराल हो चुकी है। लोगों के घरों में पानी है। 30 गांवों में 20 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। रुपौली प्रखंड में बाढ़ एवं जलजमाव से प्रभावित पंचायतों का जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिकारियों की टीम के साथ नाव से रुपौली के कई पंचायतों में लगभग तीन घंटे तक घूम कर बाढ़ एवं जलजमाव वाले इलाके में पीड़ितों का जायजा लिया गया।
बाढ़ पीड़ितों का सर्वे किया जाएगा। उन्हें सरकार के नियम अनुसार ससमय राहत और मुआवजा भी दिया जाएगा। आपदा की किसी भी संभावित स्थिति में आमजन को त्वरित सहायता और राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन, पूर्णिया पूरी तरह मुस्तैद और तत्पर है। आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने और उनकी प्राथमिक आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से विशेष 'सूखा राशन किट' तैयार की गई है, जिसका आज से वितरण किया जायेगा।


