बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के 5157 किसानों ने फसल क्षति के लिए किया आवेदन
बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के 5157 किसानों ने फसल क्षति के लिए किया आवेदन बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के 5157 किसानों ने फसल क्षति के लिए किया आवेदन

खगड़िया । नगर संवाददाता जिले में गंगा व बूढी गंडक नदी में बढ़े जलस्तर के बाद आई बाढ़ के दौरान जहां लोगों को विस्थपित होना पड़ा। वही किसानों के खेतों में लगी फसल भी डूब गई।फसल क्षति की सरकार व विभाग के निर्देश के बाद जिलास्तर पर इसको लेकर जांच करायी गई। विभाग को प्रतिवेदन भेजकर फसल क्षति के मुआवजा के लिए राशि की डिमांड भी जिला प्रशसन द्वारा की गई। वहीं किसानों के फसल क्षतिपूर्ति को लेकर विभाग द्वारा पोर्टल खोला गया और किसानो ने अपना-अपना आवेदन किया। जिले के परबत्ता, गोगरी व खगड़िया प्रखंड के 23 पंचायतों के 5157 किसानों ने अपनी-अपनी फसल क्षति को लेकर आवेदन किया है। बताया जा रहा है कि जिले के गोगरी प्रखंड के आठ पंचायतों के 1247 किसानों ने फसल क्षति मुआवजा के लिए आवेदन किया है। वहीं सदर प्रखंड के तीन पंचायतों के 645 किसानों ने आवेदन किया। जबकि परबत्ता प्रखंड के 12 पंचायतों के 3258 किसानों ने अपना- अपना आवेदन फसल क्षतिपूर्ति के लिए किया गया है。
किसानों के आवेदन के आधार पर होगी जांच
(सत्यापन), फिर मिलेगी मुआवजा की राशि: कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार किसानों द्वारा किए गए आवेदनों के आलोक में कृषि समन्वयकों द्वारा जांच कर अग्रेतर रिपोर्ट करते हुए अपने लॉगिन से आवेदन को फॉरवर्ड करेंगे। बताया जा रहा है कि आवेदन करने के तीन से पांच दिनों के अंदर कृषि समन्वयकों को अनुमंडल कृषि पदाधिकारी के लॉगिन पर आवेदन को फॉरवर्ड करना है। वहीं एसएओ के द्वारा आवेदन की जांच एवं अग्रेतर कार्रवाई कर डीएओ को भेजेंगे। डीएओ एडीएम को भेजेंगे फिर एडीएम विभाग को फॉरवर्ड करेंगे। इसके बाद विभाग के द्वारा फसल क्षति के मुआवजा की राशि किसानों के खाते में राशि हस्तांतरित करेंगे।
किस पंचायतों में कितने किसानों ने किया आवेदन
: कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गोगरी प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित पंचायतों में 1247 किसानों ने फसल क्षति के लिए आवेदन किया है। इसमें से बन्नी पंचायत के 308 किसानों ने आवेदन किया है। वहीं वासुदेवपुर पंचायत में 232, ईटहरी पंचायत में 205, रामपुर पंचायत में 189, बोरना पंचायत में 115, गोगरी जमालपुर(नगर परिषद) में 84, गोगरी में 69, झिकटिया पंचायत में 45 किसानों ने आवेदन किया है।वहीं सदर प्रखंडके रहीमपुर उत्तर पंचायत के 307, रहीमपुर मध्य पंचायत के 222 व रहीमपुर दक्षिण पंचायत के 123 किसानों ने आवेदन किया है। जबकि परबत्ता प्रख्ंाड के माधवपुर में 707, कबेला में 651, लगार में 308, सौढ़ दक्षिण में 277, खजरैठा में 239, दरियापुर भेलवा में 211, भरसों में 208, सियादतपुर अगुवानी में 198, जोरावरपुर में 138, कुल्हरिया में 122, सौढ़ उत्तर में 105 व तेमथा करारी में 94 किसानों ने आवेदन किया है।
2567 हेक्टेयर फसल क्षति का विभाग को भेजी जा चुकी है रिपोर्ट
: बताया जा रहा है कि जिले से 2567 हेक्टेयर में लगे फसल क्षति के आकलन कर भेजा गया था। हालांकि यह रकवा 33 प्रतिशत से अधिक प्रभावित हुआ था। इसलिए इसके एवज में मुआवजा की राशि किसानों को मिलनी है। इसमें से गोगरी प्रखंड के आठ पंचायतों के लिए 1250 हेक्टेयर, सदर प्रखंड के तीन पंचायतों के 575 हेक्टेयर व परबत्ता प्रखंड के 12 पंचायतों के 662 हेक्टेयर फसल 33 प्रतिशत से अधिक प्रभावित हुई है।
बोले अधिकारी:
बाढ़ से प्रभावित हुए पंचायतों के किसानों ने फसल क्षतिपूर्ति के लिए आवेदन किया है। किसानों द्वारा किए गए आवेदनों का सत्यापन कार्य कराया जाएगा।
अजीत कुमार पासवान, डीएओ, खगड़िया।

