बीआरसी बीराखेड़ी में पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण संपन्न
गंगोह में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन प्रशिक्षण का समापन हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति पाल के दिशा-निर्देश में 109 शिक्षकों ने नए पाठ्यपुस्तकों को रुचिकर शैक्षिक माहौल में लागू करने के लिए प्रशिक्षण लिया। कार्यक्रम में भाषा, गणित और गतिविधि आधारित शिक्षण के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।

गंगोह। बेसिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए निपुण भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे पांच दिवसीय एफएलएन (मूलभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान) प्रशिक्षण का शनिवार को समापन हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति पाल के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में कक्षा एक से पांच तक के निपुण लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने तथा एनसीईआरटी नई दिल्ली द्वारा विकसित नवीन पाठ्य पुस्तकों वीणा ,गणित मेला और सारंगी को कक्षा-कक्ष में रुचिपूर्ण शैक्षिक माहौल मे लागू करने पर जोर दिया गया। परिषदीय विद्यालयों के 109 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। एसआरजी अमित शर्मा एवं संदर्भदाताओं अनुज पांचाल ,हरेन्द्र,सुनील और सुरेंद्र ने शिक्षकों को नवीन पाठ्य-पुस्तकों, भाषा, गणित, खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, टीएलएम निर्माण तथा बच्चों के बीच रोचक शैक्षिक माहौल तैयार करने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी।


