शहीद चंद्रशेखर कॉलेज व आरके इंफ्रास्टेट ने निकाली तिरंगा यात्रा
सोहरामऊ के रसूलपुर गांव में शहीद चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज एवं आरके इंफ्रास्टेट द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्कूल विस्तार में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए, छात्रों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया, जो राष्ट्रप्रेम का संदेश फैलाने के लिए आयोजित की गई।

सोहरामऊ। क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज एवं आरके इंफ्रास्टेट सोहरामऊ के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले विद्यालय परिसर में शहीद चंद्रशेखर आजाद और विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष स्मृतिशेष रघुराज सिंह सेंगर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यात्रा का शुभारंभ भाजपा नेता एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक रमाकांत दीक्षित, प्रधानाचार्य अवधेश कुमार सिंह, आरके इंफ्रास्टेट के एमडी सुधांशु शेखर सिंह, अभेन्द्र सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में हुआ। सभी ने शहीदों को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
तिरंगा हाथों में लेकर निकले छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का अवसर भी है।


