निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू
कोंच में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है। यह प्रशिक्षण निपुण भारत मिशन के तहत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य आधुनिक शिक्षण विधियों से शिक्षकों को दक्ष बनाना और कक्षा 3 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणितीय कौशल का विकास करना है।
कोंच। संवाददाता कनासी के ब्लॉक संसाधन केंद्र में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षिकाओं के लिए पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) तथा एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों पर केंद्रित है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम बीईओ शैलेंद्र उत्तम की मौजूदगी में शुरू हुआ । प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक और रुचिपूर्ण शिक्षण पद्धतियों में दक्ष बनाना है। इसमें ''वीणा'' और ''गणित मेला'' जैसी विधियों का उपयोग कर बच्चों को खेल-खेल में सिखाने पर जोर दिया जा रहा है।
इसका लक्ष्य शैक्षणिक सत्र 2026-27 तक कक्षा 3 तक के बच्चों में बुनियादी पढ़ने, लिखने और गणितीय कौशल का विकास करना है। शिक्षकों को कक्षा 4 और 5 की नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों की शिक्षण विधाओं को समझने में मदद की जाएगी।


