तकनीकी बदलावों के साथ स्वयं को अपडेट रखें शिक्षक : प्रो नायर
भीमताल में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा 17 से 21 अगस्त तक एक फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। 60 से अधिक नर्सिंग शिक्षक भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में डिजिटल हेल्थ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर चर्चा की गई, और नर्सिंग में तकनीक तथा मानवीय संवेदनशीलता के महत्व को बताया गया।

भीमताल, संवाददाता। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से 17 से 21 अगस्त तक पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न राज्यों से 60 से अधिक फैकेल्टी सदस्य और नर्सिंग शिक्षक भाग ले रहे हैं। परिसर निदेशक प्रो£अनिल कुमार नायर ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए, शिक्षकों से तकनीकी बदलावों के साथ स्वयं को अपडेट रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग में तकनीक के साथ मानवीय संवेदनशीलता और सहानुभूति भी जरूरी है। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या प्रो. हंसी नेगी ने निरंतर व्यावसायिक विकास और आधुनिक शिक्षण तकनीकों को कक्षाओं, प्रयोगशालाओं एवं क्लिनिकल प्रशिक्षण में शामिल करने पर जोर दिया।
प्रथम अकादमिक सत्र में राजकीय नर्सिंग कॉलेज, शाहजहांपुर की प्राचार्या डॉ. अपर्णा पांडे ने ‘नर्सिंग इंफॉर्मेटिक्स एवं डिजिटल हेल्थ’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड, डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन, डेटा सुरक्षा और मरीजों की गोपनीयता के महत्व पर जानकारी दी। साथ ही डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों की भूमिका और डिजिटल साक्षरता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। एफडीपी का उद्देश्य नर्सिंग शिक्षकों की दक्षताओं को मजबूत करना और आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना है।


