5 हजार के तकादे पर की थी बुजुर्ग की हत्या, पिता-दो पुत्रों समेत पांच को उम्रकैद
5 हजार के तकादे पर की थी बुजुर्ग की हत्या, पिता-दो पुत्रों समेत पांच को उम्रकैद

अपर सत्र न्यायाधीश (कक्ष संख्या-3/विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट) तबरेज अहमद ने वर्ष 2018 में शिकारपुर क्षेत्र में पांच हजार रुपये का तगादा करने पर वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या और पुत्र पर जानलेवा हमले के मामले में पिता-दो पुत्रों समेत पांच अभियुक्तों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। न्यायाधीश ने पांचों अभियुक्तों पर 70-70 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
मामले का विवरण
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी ध्रुव कुमार वर्मा एवं प्रवीन कुमार राणा तथा वादी के अधिवक्ता गजराज सिंह वर्मा ने बताया कि यह मामला शिकारपुर के मोहल्ला मूर्ति विहार की है। इसके अनुसार शिकारपुर कोतवाली में मोहल्ला मूर्तिविहार निवासी पवन कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उनके पड़ोसी सुम्मेरा सैनी ने उनके पिता जवाहरलाल से करीब एक वर्ष पूर्व पांच हजार रुपये उधार लिए थे। 27 अगस्त 2018 की रात जब उनके पिता ने दिए गए रुपयों का तगादा किया तो आरोपी सुम्मेरा सैनी, उसके बेटे रवि सैनी व अमित सैनी तथा बॉबी व चंद्रप्रकाश सैनी ने एक राय होकर उनके पिता पर लोहे की रॉड और लात-घूंसों से हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के दूसरे बेटे रोहित को भी जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा गया। गंभीर हालत में घायल जवाहरलाल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 5 सितंबर 2018 को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया और जांच कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया।
सजा की घोषणा
न्यायाधीश तबरेज अहमद ने दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने और पत्रावली पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुम्मेरा सैनी, रवि सैनी, अमित सैनी, बॉबी शर्मा और चंद्रप्रकाश सैनी को दोषी पाते हुए उम्रकैद और 70-70 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
इन धाराओं में सुनाई गई सजा
सजा के प्रकार
न्यायाधीश ने धारा 302/149 के तहत सभी पांचों दोषियों को उम्रकैद और 50-50 हजार रुपये अर्थदंड, धारा 307/149 के तहत 10-10 साल की कैद व 20-20 हजार रुपये अर्थदंड तथा बलवे की धाराओं (147 व 148) में क्रमशः एक-एक व दो-दो वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। अर्थदंड न अदा करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।

