पश्चिमांचल की संस्कृति, इतिहास और विरासत से सजा प्रथम सांस्कृतिक महोत्सव
पश्चिमांचल विकास परिषद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए प्रथम पश्चिमांचल सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का आयोजन किया। कांधला में आयोजित इस महोत्सव में 500 से अधिक लोग शामिल हुए। इस आयोजन में लोककला, स्थानीय उत्पादों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विशेष गैलरी का प्रदर्शन किया गया।

शामली। पश्चिमांचल विकास परिषद की ओर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की संस्कृति, इतिहास, लोकपरंपराओं, कला, स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से प्रथम पश्चिमांचल सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का आयोजन जश्न फार्म हाउस, कांधला में किया गया। महोत्सव में पश्चिमांचल की मिट्टी, बोली, लोकगीत, लोककला और विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली। विभिन्न जनपदों से पहुंचे 500 से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी नरेश टिकैत ने की, जबकि पद्मश्री सेठपाल सिंह मुख्य अतिथि रहे। रमन कांत (नदी पुरुष), डॉ. अभिनव तोमर और ठाकुर पूरण सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महोत्सव में प्रोफेसर, अध्यापक, आई आई टी एन, चिकित्सक, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, कलाकार, पत्रकार और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। महोत्सव में पश्चिमांचल के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी विशेष गैलरी लगाई गई, जिसमें वीर सपूतों और वीरांगनाओं के संघर्ष व बलिदान को प्रदर्शित किया गया। रागिनी, सांग-स्वांग, डेरू सहित लोक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोहा। स्थानीय उत्पादों की स्टॉल पर सिरका, शहद, मिट्टी के बर्तन और बांस के मूढ़े आकर्षण का केंद्र रहे। महोत्सव में कला, खेल, लोकसंस्कृति, पत्रकारिता, हस्तकला, संस्कृति संरक्षण और अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाली लगभग 50 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि पश्चिमांचल की अपनी विशिष्ट पहचान और समृद्ध लोकपरंपराएं हैं। अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ना समाज की जिम्मेदारी है।पद्मश्री सेठपाल सिंह ने कहा कि समाज की ताकत उसकी संस्कृति और जड़ों में होती है। स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को मंच मिलना आवश्यक है। डॉ. अभिनव तोमर ने कहा कि इतिहास वर्तमान और भविष्य को दिशा देने का माध्यम है। युवाओं को पश्चिमांचल के इतिहास और विरासत से जोड़ना जरूरी है। पश्चिमांचल विकास परिषद के अध्यक्ष नितिन स्वामी पश्चिमांचली ने कहा कि परिषद का उद्देश्य पश्चिमांचल की संस्कृति, पहचान और प्रतिभाओं को एक मंच देना है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ नई पीढ़ी अपनी जड़ों और पहचान से भी जुड़ी रहे, इसी सोच के साथ महोत्सव आयोजित किया गया।

